तमिलनाडु: कांग्रेस विधायक ने खरगे के खिलाफ जातिगत भेदभाव की निंदा के लिए प्रस्ताव पेश किया

तमिलनाडु: कांग्रेस विधायक ने खरगे के खिलाफ जातिगत भेदभाव की निंदा के लिए प्रस्ताव पेश किया

तमिलनाडु: कांग्रेस विधायक ने खरगे के खिलाफ जातिगत भेदभाव की निंदा के लिए प्रस्ताव पेश किया
Modified Date: August 16, 2026 / 06:05 pm IST
Published Date: August 16, 2026 6:05 pm IST

मइलाडुतुरै (तमिलनाडु), 16 अगस्त (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ उत्तराखंड में कथित जातिगत भेदभाव की घटना की कड़ी निंदा करते हुए कांग्रेस के विधायक ने रविवार को यहां ग्राम सभा की बैठक में एक प्रस्ताव पेश किया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित ग्राम सभा की बैठक में विधायक जमाल मोहम्मद यूनूस वाई. एन. ने कहा कि मइलाडुतुरै विधानसभा क्षेत्र की सभी 54 ग्राम पंचायतों में इसी तरह के प्रस्ताव पारित करने के निर्देश दिए गए हैं।

विधायक के अनुसार, हाल में उत्तराखंड में एक जनसभा को संबोधित करने के बाद जब खरगे वहां से चले गए तो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से कथित रूप से जुड़े लोगों ने ‘‘शुद्धीकरण’’ के नाम पर गंगाजल से सभा स्थल को धोया।

विधायक ने बैठक के दौरान कहा, ‘‘हम इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘खरगे कई दशकों से कई बार सांसद रहे हैं। केंद्रीय मंत्री और राज्य सरकार में मंत्री के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं और वर्तमान में राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं। केवल अनुसूचित जाति से होने के कारण इतने कद्दावर नेता के साथ इस तरह का व्यवहार किया जाना बेहद निंदनीय है।’’

विधायक ने कहा कि कांग्रेस ऐतिहासिक रूप से समानता के लिए खड़ी रही है और उत्तराखंड में कथित घटना केवल पार्टी अध्यक्ष का अपमान नहीं, बल्कि पूरे देश के नागरिकों का अपमान है।

ग्राम सभा की बैठक में स्थानीय नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। ग्रामीणों ने पेयजल आपूर्ति में अनियमितता, पानी की टंकियों के रखरखाव और वार्ड में कचरा उठाने में हो रही देरी को लेकर अधिकारियों से सवाल किए।

भाषा आशीष नरेश

नरेश


लेखक के बारे में