तमिलनाडु के मंत्री निविदाओं में कमीशन मांग रहे: अन्नामलाई

तमिलनाडु के मंत्री निविदाओं में कमीशन मांग रहे: अन्नामलाई

तमिलनाडु के मंत्री निविदाओं में कमीशन मांग रहे: अन्नामलाई
Modified Date: August 16, 2026 / 09:36 pm IST
Published Date: August 16, 2026 9:36 pm IST

चेन्नई, 16 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व नेता के. अन्नामलाई ने रविवार को आरोप लगाया कि तमिलनाडु के कुछ मंत्रियों ने सरकारी निविदाओं में कमीशन मांगना शुरू कर दिया है। अन्नामलाई ने दावा किया कि उनके पास इस आरोप को साबित करने के लिए ऑडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है।

चेन्नई में संगठन की ओर से आयोजित पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अन्नामलाई ने कहा कि मुख्यमंत्री सी. जोसफ विजय भ्रष्टाचार के खिलाफ हैं, लेकिन उनके मंत्रिमंडल के कुछ सहयोगियों ने ठेकेदारों से कमीशन मांगना शुरू कर दिया है।

अन्नामलाई ने आरोप लगाया, ‘‘यह सच है कि मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार के खिलाफ हैं और हम यह देख रहे हैं। पहले बड़े ठेकों में कमीशन नहीं लिया जाता था, लेकिन अब कुछ मंत्रियों ने इसकी मांग शुरू कर दी है।’’

कथित तौर पर कमीशन मांगने के मामले में ऑडियो सबूत होने का दावा करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘कुछ मंत्री कह रहे हैं कि वे वोट के लिए पैसे देकर आए हैं, इसलिए दो प्रतिशत दो, तीन प्रतिशत दो, चार प्रतिशत दो।’’

अन्नामलाई ने मुख्यमंत्री से मामला बढ़ने से पहले अपने मंत्रिमंडल पर ध्यान देने का आग्रह किया। अन्नामलाई ने कहा कि उनका संगठन सरकार के शुरुआती कार्यकाल के पूरा होने के बाद औपचारिक रूप से यह मुद्दा उठाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘आप (विजय) ने स्वतंत्रता दिवस पर अपने संबोधन में कहा था कि हमारे जीवनकाल में भ्रष्टाचार को खत्म कर दिया जाएगा। मंत्रियों और अधिकारियों पर लगाम कसने के लिए नियमित रूप से सप्ताहांत में समीक्षा बैठकें करें, क्योंकि अगर लगाम ढीली हुई तो प्रशासन भटक जाएगा।’’

अन्नामलाई ने हाल में ‘वी द लीडर्स’ मुहिम की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि यह संगठन नव निर्वाचित सरकार को अस्थिर करने की कोशिश नहीं कर रहा है और सरकार को काम करने के लिए समय देगा।

भाषा आशीष नरेश

नरेश


लेखक के बारे में