तमिलनाडु चुनाव: अन्नाद्रमुक ने सत्ता में आने पर चावल राशन कार्डधारकों को मुफ्त रेफ्रिजरेटर देने का वादा किया
तमिलनाडु चुनाव: अन्नाद्रमुक ने सत्ता में आने पर चावल राशन कार्डधारकों को मुफ्त रेफ्रिजरेटर देने का वादा किया
चेन्नई, 24 मार्च (भाषा) ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के महासचिव एडप्पाडी के पलानीस्वामी ने मंगलवार को घोषणा की कि यदि उनकी पार्टी 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज कर सत्ता में आती है, तो सभी चावल राशन कार्डधारकों को मुफ्त में रेफ्रिजरेटर दिए जाएंगे।
उन्होंने साथ ही तमिलनाडु में चावल श्रेणी के राशन कार्ड धारकों को हर महीने एक किलोग्राम दाल और एक लीटर खाना पकाने का तेल मुफ्त में उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
पलानीस्वामी की घोषणाएं पार्टी की दिवंगत नेता जे जयललिता की नीति के अनुरूप है, जिन्होंने 2011 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों से पहले अन्नाद्रमुक के चुनावी घोषणापत्र में मुफ्त पंखे, मिक्सर- ग्राइंडर देने की लोकप्रिय योजना की घोषणा की थी।
जयललिता ने 2011 में सत्ता में आने पर पूर्व मुख्यमंत्री सी एन अन्नादुरई की जयंती 15 सितंबर पर इन मुफ्त के उपहारों का वितरण शुरू किया था।
अन्नाद्रमुक के यहां स्थित राज्य मुख्यालय में 23 अप्रैल को होने वाले चुनाव के लिए पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी करते हुए पलानीस्वामी ने कहा, ‘‘मुफ्त फ्रिज का उद्देश्य गृहिणियों के घरेलू काम का भार कम करना है।’’
भाषा धीरज दिलीप
दिलीप

Facebook


