तेदेपा विधायक के समर्थकों ने टोल प्लाजा पर तोड़फोड़ की, कर्मचारियों पर हमला किया
तेदेपा विधायक के समर्थकों ने टोल प्लाजा पर तोड़फोड़ की, कर्मचारियों पर हमला किया
गेंडाबोयनपल्ले (आंध्र प्रदेश), 27 अप्रैल (भाषा) तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के विधायक ए. सुरेंद्र बाबू के समर्थकों ने अन्नामय्या जिले में टोल गेट पर उनकी गाड़ी को तुरंत नहीं गुजरने देने को लेकर टोल प्लाजा कर्मचारियों पर कथित तौर पर हमला कर दिया।
कथित हमले के वायरल हुए वीडियो में देखा जा सकता है कि तेदेपा विधायक के सुरक्षाकर्मी और समर्थक कथित तौर पर टोल प्लाजा कर्मचारियों, जिनमें एक महिला भी शामिल है, पर हमला करते और घसीटते हुए नजर आ रहे हैं।
एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘सुरेंद्र बाबू के वाहन को टोल द्वार पर कुछ देर के लिए रोके जाने के बाद उनके समर्थकों ने गेंडाबोयनपल्ले टोल प्लाजा में तोड़फोड़ की।’’
पुलिस के अनुसार, विधायक का वाहन 25 अप्रैल को सुबह लगभग 9:45 बजे टोल प्लाजा पर पहुंचा और कथित तौर पर उसे तुरंत गुजरने नहीं दिया गया, जिसके बाद तिरुमला और मदनपल्ले के बीच स्थित टोल प्लाजा पर तनाव बढ़ गया।
टोल प्लाजा प्रबंधन ने बताया कि आगे मौजूद दो वाहनों द्वारा ऑनलाइन भुगतान किए जाने के कारण देरी हुई और कर्मचारी समस्या को सुलझाने का प्रयास कर रहे थे, तभी विधायक की एसयूवी वहां पहुंची।
विधायक तिरुमला से अपने निर्वाचन क्षेत्र जा रहे थे।
गेंडाबोयनपल्ले टोल प्लाजा के प्रबंधक एन रवि बाबू (29) ने बताया कि आगे मौजूद दो वाहन ऑनलाइन भुगतान कर रहे थे और टोल प्लाजा के कर्मचारी विधायक को समझा-बुझा रहे थे, तभी एस्कॉर्ट वाहन वहां पहुंचा। उन्होंने बताया कि वाहन में सवार लोगों ने इसे कहा-सुनी समझ लिया और तुरंत हमला कर दिया।
प्रबंधक ने बताया, ‘‘जैसे ही वे (समर्थक) आए, उन्होंने जबरदस्ती टोल बैरियर तोड़ दिया, टोल प्लाजा में तोड़फोड़ की और फिर महिला कर्मचारी एम श्रीलता (24) पर हमला कर दिया।’’
उन्होंने बताया कि हमलावरों ने हमले के दौरान श्रीलता के बाल भी खींचे।
रवि बाबू ने बताया कि वह अपने कार्यालय में रिपोर्ट तैयार कर रहे थे और शोर सुनकर बाहर निकले, लेकिन विधायक के समर्थकों में से एक ऊपर आया और उन्हें घसीट कर नीचे ले आया।
प्रबंधक ने बताया कि उन्हें घसीटा गया और बेरहमी से पीटा गया।
पुलिस ने घटना के सिलसिले में एक मामला दर्ज किया है और आगे की जांच जारी है।
भाषा सुभाष माधव
माधव

Facebook


