तेलंगाना में वैवाहिक मतभेद से नाराज एक दंपति बच्चियों को थाने में छोड़कर चला गया

तेलंगाना में वैवाहिक मतभेद से नाराज एक दंपति बच्चियों को थाने में छोड़कर चला गया

तेलंगाना में वैवाहिक मतभेद से नाराज एक दंपति बच्चियों को थाने में छोड़कर चला गया
Modified Date: April 29, 2026 / 06:57 pm IST
Published Date: April 29, 2026 6:57 pm IST

करीमनगर (तेलंगाना), 29 अप्रैल (भाषा) तेलंगाना के करीमनगर जिले में प्रेम विवाह करने वाला एक दंपति वैवाहिक मतभेदों को दूर करने के लिए थाने में सुलह चर्चा के दौरान अपनी दो छोटी बेटियों को वहीं छोड़कर चला गया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बुधवार को बताया कि इस दंपति की 10 साल पहले शादी हुई थी तथा उनकी अब सात और पांच साल की दो बेटियां हैं।

दो हफ्ते पहले मतभेद होने पर दंपति एलएमडी कॉलोनी थाने पहुंचा था।

महिला ने आरोप लगाया कि हाल में उसके पति ने उसके साथ मारपीट की है। पति के रवैये से परेशान होकर पत्नी मंगलवार को अपनी दो बेटियों के साथ थाने पहुंची।

पुलिस पति-पत्नी को समझा रही थी तभी पत्नी ने अपना मंगलसूत्र और बिछिया उतारकर निरीक्षक की मेज पर रख दीं एवं अकेले ही वहां से चली गई।

पुलिस ने बताया कि पति भी वहां बैठी बेटियों की तरफ देखे बिना ही चला गया।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘ हमने उनसे मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।’’

पुलिस ने बाद में बच्चियों को उनके दादा-दादी के हवाले कर दिया।

भाषा

राजकुमार नरेश

नरेश


लेखक के बारे में