तेलंगाना विधानसभा में ‘गिग वर्कर’ के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के लिए विधेयक पारित

तेलंगाना विधानसभा में 'गिग वर्कर' के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के लिए विधेयक पारित

तेलंगाना विधानसभा में ‘गिग वर्कर’ के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के लिए विधेयक पारित
Modified Date: March 30, 2026 / 06:30 pm IST
Published Date: March 30, 2026 6:30 pm IST

हैदराबाद, 30 मार्च (भाषा) तेलंगाना विधानसभा में सोमवार को ‘गिग वर्कर’ के कल्याण के उद्देश्य से एक विधेयक पारित किया गया।

तेलंगाना प्लेटफॉर्म-बेस्ड गिग वर्कर (रजिस्ट्रेशन, सोशल सिक्युरिटी एंड वेलफेयर) बिल, 2026 को पेश करने वाले राज्य के श्रम मंत्री जी विवेक वेंकटस्वामी ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान ‘गिग वर्कर’ से मुलाकात की थी और उनकी समस्याओं को सुना था।

उन्होंने कहा कि ‘गिग वर्कर’ के लिए नौकरी की सुरक्षा, न्यूनतम मजदूरी और स्वास्थ्य जांच की कमी को देखते हुए राहुल गांधी ने सुझाव दिया था कि सरकार सेवा प्रदाता कंपनियों और श्रमिक संघों के साथ बातचीत करे और उनके कल्याण के लिए कानून बनाए।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने सेवा प्रदाता कंपनियों और श्रमिक संघों के साथ बैठक की, जिसके बाद सरकार ने एक मसौदा विधेयक तैयार किया, जिसे 30 दिनों के लिए सार्वजनिक किया गया।

इस प्रस्ताव पर 65 सुझाव प्राप्त हुए और सरकार ने सेवा प्रदाता कंपनियों के साथ चर्चा की।

वेंकटस्वामी ने बताया कि उन्होंने सेवा प्रदाता कंपनियों से बातचीत की थी, जिन्होंने बताया कि उन्हें नुकसान हो रहा है और अगर सरकार भारी उपकर लगाती है तो उनपर और भी वित्तीय दबाव आ सकता है। हालांकि, सरकार ने उन्हें ‘गिग वर्कर’ के लिए सामाजिक सुरक्षा उपायों की आवश्यकता के बारे में समझाया।

उन्होंने कहा कि तेलंगाना में लगभग चार लाख ‘गिग वर्कर’ हैं।

इस विधेयक में ‘गिग वर्कर’ द्वारा सामना की जाने वाली समस्याओं के समाधान के लिए सेवा प्रदाता कंपनियों, श्रमिकों और सरकार के प्रतिनिधियों को लेकर एक बोर्ड के गठन का प्रस्ताव है।

भाषा

शुभम दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में