तेलंगाना के श्रम मंत्री ने क्रेन गिरने की घटना में पीड़ितों के परिवारों को सहायता का आश्वासन दिया

तेलंगाना के श्रम मंत्री ने क्रेन गिरने की घटना में पीड़ितों के परिवारों को सहायता का आश्वासन दिया

तेलंगाना के श्रम मंत्री ने क्रेन गिरने की घटना में पीड़ितों के परिवारों को सहायता का आश्वासन दिया
Modified Date: April 28, 2026 / 04:48 pm IST
Published Date: April 28, 2026 4:48 pm IST

हैदराबाद, 28 अप्रैल (भाषा) तेलंगाना के श्रम मंत्री जी विवेक वेंकटस्वामी ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार यहां क्रेन हादसे में मारे गए प्रवासी मजदूरों के परिवारों के साथ है। इस हादसे में पांच श्रमिकों की मौत हो गयी थी, जबकि 12 अन्य घायल हो गए थे।

वैंकटस्वामी, जिन्होंने अस्पताल में घायलों से मुलाकात की, ने कहा कि उन्होंने इस घटना पर अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है।

उन्होंने पांच प्रवासी मजदूरों की मौत पर दुख जताते हुये कहा कि उन्होंने चिकित्सकों से घायलों की स्वास्थ्य स्थिति और उन्हें दिए जा रहे उपचार के बारे में जानकारी ली है।

मंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘मैं आश्वस्त करता हूं कि सरकार पीड़ितों के परिवारों को हर तरह की सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है।’

सोमवार शाम को यहां के पास शंकरपल्ली में एक ‘प्रीफैब्रिकेटेड स्ट्रक्चर’ निर्माण इकाई में क्रेन गिरने से पांच प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए। यह घटना महालिंगपुरम गांव में तेज हवाओं और बारिश के बीच घटी।

जब क्रेन एक शेड पर गिरी तो उसमें शरण लेने वाले 17 मजदूर थे। ये मजदूर बिहार, उत्तर प्रदेश और ओडिशा के रहने वाले थे।

भाषा तान्या रंजन

रंजन


लेखक के बारे में