तेलंगाना: प्रेमी ने महिला की चाकू मारकर हत्या की, शव बोरे में भरकर छिपाया
तेलंगाना: प्रेमी ने महिला की चाकू मारकर हत्या की, शव बोरे में भरकर छिपाया
हैदराबाद, 17 अगस्त (भाषा) शादी को लेकर हुए विवाद के बाद 23 वर्षीय महिला की उसके प्रेमी ने कथित तौर पर हत्या कर दी और इसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे बोरे में भर दिया।
पुलिस ने सोमवार को बताया कि यह घटना रविवार रात बालापुर थाना क्षेत्र में हुई।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बिहार की रहने वाली महिला समारोह स्थलों पर वेटर के रूप में काम करती थी, जबकि आरोपी मजदूर है। दोनों के बीच पिछले करीब एक साल से प्रेम संबंध थे। महिला पिछले दो महीने से आरोपी के घर पर रह रही थी।
प्रारंभिक जांच के आधार पर अधिकारी ने बताया कि रविवार रात आरोपी द्वारा शादी से इनकार करने के बाद दोनों के बीच झगड़ा हुआ। इसके बाद आरोपी ने चाकू से वार कर महिला की हत्या कर दी।
अधिकारी ने बताया, ‘‘इसके बाद उसने महिला के दोनों हाथ-पैर बांध दिए और शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे बोरे में भर दिया।’’
कुछ स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे में खून के निशान के साथ बोरे में बंद महिला का शव मिला।
पुलिस ने मृतका की पहचान बिहार निवासी महिला के रूप में की और उसके परिजनों को घटना की सूचना दी।
महिला के गर्भवती होने की खबरों के बारे में पूछे जाने पर अधिकारी ने कहा कि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी फरार है और उसे गिरफ्तार करने के लिए कई टीम गठित की गई हैं।
पुलिस आरोपी की मां की भूमिका की भी जांच कर रही है कि क्या उसने शव छिपाने में मदद की थी।
हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
भाषा गोला मनीषा
मनीषा

Facebook


