हैदराबाद, दो जून (भाषा) तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने मंगलवार को कहा कि राज्य का गठन दशकों लंबे लोकतांत्रिक संघर्ष और अपने प्राणों की आहुति देने वाले ‘शहीदों’ के बलिदान से संभव हो सका।
राज्यपाल ने तेलंगाना के स्थापना दिवस के अवसर पर लोक भवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने यहां परेड ग्राउंड में राज्य सरकार द्वारा आयोजित समारोह में हिस्सा लिया वहीं पूरे राज्य में भी स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया।
सत्तारूढ़ कांग्रेस तथा विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) और अन्य दलों के कार्यालयों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
लोक भवन में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए शुक्ल ने नागरिकों से ‘‘आधुनिक तेलंगाना की नींव रखने वाले दूरदर्शी व्यक्तियों, नेताओं और योगदान करने वालों’’ को याद करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि उन्हें तेलंगाना की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और कृषि परंपरा पर गर्व है जिसे सूचना प्रौद्योगिकी, फार्मा और स्टार्टअप क्षेत्रों में उत्कृष्टता के लिए वैश्विक पहचान मिली है।
राज्यपाल ने कहा, ‘‘जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी- मातृभूमि स्वर्ग से भी बढ़कर है। आइए, हम सब मिलकर एक सशक्त, समृद्ध और प्रगतिशील तेलंगाना के निर्माण के लिए काम करें, जो भारत की वृद्धि और विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता रहे।’’
लोक भवन में आयोजित स्थापना दिवस समारोह के दौरान दिव्यांग कलाकार मूले वैष्णवी ने अपने पैरों की उंगलियों से बनाई गई राज्यपाल की एक तस्वीर उन्हें भेंट की। वैष्णवी ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम में कनिष्ठ सहायक के रूप में कार्यरत हैं।
तेलंगाना की पूर्व राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन ने भी राज्य के लोगों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। एक वीडियो संदेश में उन्होंने लोगों के अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना की।
इस बीच, राज्य के मंत्रियों ने विभिन्न जिलों में आयोजित समारोहों का नेतृत्व किया।
तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बी. महेश कुमार गौड़ ने पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद बी नरसैय्या गौड़ ने पार्टी कार्यालय में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार, हरियाणा के पूर्व राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय और कई अन्य नेता मौजूद रहे।
बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के. टी. रामाराव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद सत्तारूढ़ कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने पूर्ववर्ती बीआरएस सरकार और तत्कालीन मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के बारे में गलत जानकारी फैलाकर सत्ता हासिल की।
आंध्र प्रदेश के विभाजन के बाद दो जून 2014 को तेलंगाना का गठन हुआ था।
भाषा खारी अविनाश
अविनाश