जयपुर, 29 अप्रैल (भाषा) राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी का दौर जारी है, हालांकि पूर्वी हवाओं और बादल छाने के कारण अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को आंशिक राहत मिली है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, बुधवार को चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा जैसलमेर में 42.6 डिग्री, बाड़मेर में 42.0 डिग्री, बीकानेर में 41.4 डिग्री, कोटा और जोधपुर में 41.3 डिग्री तथा भीलवाड़ा और जयपुर में 41.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पूर्वी हवाओं के प्रभाव, बादल छाने और कुछ स्थानों पर आंधी चलने से कई जगह अधिकतम तापमान में 3.4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है।
मौसम विभाग ने बताया कि राज्य के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जो सामान्य के आसपास है।
आगामी एक-दो दिनों में अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की और गिरावट होने तथा उष्ण लहर से आंशिक राहत मिलने की संभावना है।
विभाग के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं के प्रभाव से अगले तीन-चार दिनों तक दोपहर बाद मेघगर्जन के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी होने के आसार हैं।
इसी तरह मई के पहले सप्ताह में भी राज्य के कुछ हिस्सों में उष्ण लहर की स्थिति बने रहने के साथ दोपहर बाद आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
भाषा
पृथ्वी रवि कांत