ठाकुर ने हिमाचल में ईंधन पर पांच रुपये प्रति लीटर उपकर लगाने के फैसले को वापस लेने की मांग की
ठाकुर ने हिमाचल में ईंधन पर पांच रुपये प्रति लीटर उपकर लगाने के फैसले को वापस लेने की मांग की
नयी दिल्ली, 24 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश की कांगेस सरकार पर निशाना साधते हुए ईंधन पर पांच रुपये का सेस लगाने के फैसले की आलोचना की।
इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि इस कदम के जरिए सरकार बढ़े हुए वैट और अतिरिक्त सेस के माध्यम से जनता से हर साल 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली करेगी।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा ने सोमवार को मूल्य वर्धित कर (वैट) संशोधन विधेयक पारित किया, जिसके तहत पेट्रोल एवं हाई-स्पीड डीजल पर पांच रुपये प्रति लीटर “अनाथ एवं विधवा” उपकर लगाने का प्रावधान किया गया है। विपक्षी भाजपा के सदस्य इस विधेयक का विरोध करते हुये सदन से बहिर्गमन कर गये।
विधेयक के ‘उद्देश्य और कारणों के विवरण’ के अनुसार, अनाथों और विधवाओं के लिए कल्याणकारी उपायों के प्रभावी कार्यान्वयन और मजबूती के लिए राजस्व का एक समर्पित, स्थिर और टिकाऊ स्रोत सुनिश्चित करने के लिए उपकर लगाया गया है।
ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी हमला बोला और कहा कि उनका ‘खटाखट मॉडल’ आम लोगों पर बार-बार कर बढ़ोतरी का बोझ डाल रहा है।
उन्होंने कहा, “विधानसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी जी और प्रियंका जी ‘खटाखट मॉडल’ लेकर हिमाचल आए थे, लेकिन यह मॉडल इतना त्रुटिपूर्ण निकला कि राज्य की स्थिति खराब हो गई है।”
हमीरपुर से लोकसभा सदस्य ठाकुर ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, “हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने आम आदमी की जेब पर हमला किया है। कर और वैट के जरिए सालाना 1,000 करोड़ रुपये से अधिक आम लोगों से वसूले जाएंगे।”
उन्होंने आरोप लगाया कि कम समय में कई बार बढ़ोतरी की गई है।
ठाकुर ने कहा कि डीजल पर वैट चरणबद्ध तरीके से बढ़ाया गया और इसके ऊपर अतिरिक्त उपकर लगाकर उपभोक्ताओं पर और बोझ डाला गया है।
उन्होंने कहा, “कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के दो महीने के भीतर दो बार तीन-तीन रुपये वैट बढ़ाया गया। कुल मिलाकर डीजल पर वैट अब 10.40 रुपये तक पहुंचा दिया गया । इस पर अब पांच रुपये का अतिरिक्त उपकर लगा दिया गया है।”
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, “यह शायद पहली सरकार है जिसने आम आदमी की जेब पर एक नहीं, बल्कि तीन बार चोट की है।”
ठाकुर ने आरोप लगाया, “यह राहुल गांधी का ‘खटारा मॉडल’ है, जिसने हिमाचल को कमजोर स्थिति में पहुंचा दिया है। आम लोगों को हर साल 1,000 करोड़ रुपये से अधिक का बोझ उठाना पड़ रहा है।”
उन्होंने पेट्रोल और डीजल पर लगाए गए पांच रुपये के उपकर को वापस लेने की मांग की।
ठाकुर ने कहा, “हम इसकी निंदा करते हैं और मांग करते हैं कि पेट्रोल-डीजल पर लगाया गया पांच रुपये का उपकर वापस लिया जाए, ताकि लोगों पर बोझ कम हो सके।”
भाषा राखी रंजन
रंजन

Facebook


