ओडिशा की सीमा से लगे पूर्वी सिंहभूम के जंगल में युवती का जला हुआ शव मिला
ओडिशा की सीमा से लगे पूर्वी सिंहभूम के जंगल में युवती का जला हुआ शव मिला
जमशेदपुर, पांच मार्च (भाषा) झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के बनकटा जंगल से पुलिस ने एक युवती का जला हुआ शव बरामद किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
कोवाली पुलिस थाना प्रभारी अधिकारी धनंजय पासवान ने बृहस्पतिवार को पीटीआई-भाषा को बताया कि पटपानी गांव के निकट बनकाटा जंगल में महिला चौकीदार ने बुधवार शाम को शव को देखा। यह स्थान ओडिशा के मयूरभंज जिले के तिरिंग से लगा है।
पासवान ने कहा, “हमने जिले के सभी पुलिस थानों को सूचित किया, लेकिन बृहस्पतिवार दोपहर तक शव को लेकर किसी ने दावा नहीं किया है। पूर्वी सिंहभूम जिले में कहीं भी 20 वर्ष की आयु की किसी युवती के लापता होने की कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं है। हमारा मानना है कि वह ओडिशा के सीमावर्ती क्षेत्र से हो सकती है, और अपराधियों ने उसकी हत्या कर दी होगी और सबूत छिपाने के लिए शव को जंगल में जला दिया होगा।”
पुलिस ने बृहस्पतिवार को शव को जमशेदपुर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हत्या से पहले उसके साथ बलात्कार तो नहीं हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।’
बुधवार को शव को देखने वाली पटपानी गांव की चौकीदार किरण महाकुड के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।
भाषा तान्या पवनेश
पवनेश

Facebook


