वायरल वीडियो में दिख रही महिला मैं नहीं हूं: तमिलनाडु की मंत्री

वायरल वीडियो में दिख रही महिला मैं नहीं हूं: तमिलनाडु की मंत्री

वायरल वीडियो में दिख रही महिला मैं नहीं हूं: तमिलनाडु की मंत्री
Modified Date: August 25, 2026 / 07:26 pm IST
Published Date: August 25, 2026 7:26 pm IST

चेन्नई, 25 अगस्त (भाषा) तमिलनाडु की उद्योग मंत्री एस कीर्तना ने सोशल मीडिया पर एक महिला के कपड़ों को लेकर की जा रही टिप्पणियों की निंदा की और स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो में दिख रही महिला वह नहीं हैं।

एक वायरल वीडियो को लेकर मचे बवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि सिर्फ इसलिए कि एक महिला अपने रोजमर्रा के काम के दौरान कार से बाहर निकल रही थी और लोगों ने उसे लेकर राजनीतिक तमाशा खड़ा कर दिया, यह समाज की बेहद संकुचित और पिछड़ी सोच को दिखाता है। दरअसल, सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उस वीडियो की तुलना तमिलनाडु की मंत्री एस. कीर्तना से की थी, क्योंकि उस महिला की शक्ल उनसे मिलती-जुलती थी।

शिवकाशी से टीवीके विधायक कीर्तना ने हाल में ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘लेकिन मुझे आश्चर्य नहीं है। ऐसे नेता के अनुयायियों से और क्या उम्मीद की जा सकती है, जिनका महिलाओं के प्रति बेहद अपमानजनक टिप्पणियों का इतिहास रहा है?’’

उन्होंने कहा, ‘‘रिकॉर्ड के लिए: उस वीडियो में दिख रही महिला मैं नहीं हूं। लेकिन अगर वह मैं होती भी, तो इससे फर्क क्यों पड़ना चाहिए? एक महिला के कपड़े, उसका रूप-रंग या उसकी खुशी आज भी सार्वजनिक आलोचना का विषय क्यों समझे जाते हैं?’

उन्होंने कहा कि जब टीवीके को नीतियों, शासन या उसके कामकाज के रिकॉर्ड पर चुनौती नहीं दी जा सकी, तो नेताओं और उनके परिवार के सदस्यों के निजी जीवन को लेकर कहानियां गढ़ने का सहारा लिया गया।

कीर्तना ने उस महिला का समर्थन किया, जिसकी शक्ल उनसे मिलती थी और जिस वजह से उसे बिना बात के लोगों की नजरों में आना पड़ा। उन्होंने इसके लिए माफी मांगते हुए उस महिला का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि वह लोगों की परवाह किए बिना अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीना जारी रखे।

द्रमुक सांसद कनिमोई ने कहा कि पार्टी से इतर सार्वजनिक जीवन में महिलाओं पर समय-समय पर अभद्र हमले होते रहते हैं।

द्रमुक की उप महासचिव ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘पितृसत्तात्मक राजनीतिक मैदान में साहस के साथ काम करने वाली महिलाओं का वैचारिक रूप से मुकाबला करने में विफल रहना और उनके कपड़ों, रूप-रंग तथा निजी जीवन के आधार पर आलोचना करना गंदी राजनीति का प्रदर्शन है। यह केवल ऐसे हमले करने वालों की प्रतिगामी मानसिकता को उजागर करता है।’’

उन्होंने महिलाओं से इन सबका सामना करते हुए आगे बढ़ने और जीत हासिल करने की अपील की।

भाषा

राखी दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में