राजस्थान में सरकार नाम की कोई चीज नहीं : डोटासरा

राजस्थान में सरकार नाम की कोई चीज नहीं : डोटासरा

राजस्थान में सरकार नाम की कोई चीज नहीं : डोटासरा
Modified Date: August 22, 2024 / 06:39 pm IST
Published Date: August 22, 2024 6:39 pm IST

जयपुर, 22 अगस्त (भाषा) कांग्रेस की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य की भाजपा सरकार पर कटाक्ष करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि ‘‘राजस्थान में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है।’’

डोटासरा कांग्रेस की ओर से जयपुर में आयोजित ‘अदाणी महाघोटाले में जेपीसी जांच की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन’ को संबोधित कर रहे थे।

डोटासरा ने कहा, ‘‘राजस्थान में सरकार नाम की चीज नहीं रह गई… एक ही बात कही जाती है कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यों की जांच कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘बेशक सरकार जांच करें, गलत कार्य करने वालों को जेल में डाले, किन्तु मात्र भाषण से काम नहीं चलेगा, क्योंकि राजस्थान की जनता ने पांच साल सरकार चलाने का जिम्मा भाजपा के द्वारा किए गए वादों पर विश्वास कर दिया है।’’

उन्होंने कहा कि आज राजस्थान में भी भाजपा सरकार की अजीब स्थिति है, मुख्यमंत्री की मंत्री नहीं मानते, मंत्रियों की विधायक नहीं सुन रहे, विधायकों की जनता नहीं मान रही।

उन्होंने कहा, ‘‘यह समझ नहीं आ रहा है कि सरकार कौन चला रहा है, सरकार की सर और पांव का पता नहीं। अजीब स्थिति है कोई मंत्री इस्तीफा लिए घूम रहा है और डेढ़ माह से मुख्यमंत्री फैसला नहीं कर पा रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस के कार्यकर्ता लोकसभा के मध्यावधि चुनावों के लिए तैयार रहें क्योंकि अपने घोटालों के बोझ तले भाजपा सरकार कभी भी गिर सकती है।’’

डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस यह धरना इसलिए दे रही है क्योंकि मोदी सरकार और शेयर बाजार का नियमन करने वाली संस्था भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) की मिलीभगत से देश में महाघोटाला हुआ है।

इस प्रदर्शन में कांग्रेस के सांसद व विधायकों सहित पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए।

भाषा कुंज पृथ्वी अमित

अमित


लेखक के बारे में