देश में सिर्फ ‘सिलेंडर संकट’ नहीं, ‘सरेंडर संकट’ भी है: दीपेंद्र हुड्डा
देश में सिर्फ ‘सिलेंडर संकट’ नहीं, ‘सरेंडर संकट’ भी है: दीपेंद्र हुड्डा
नयी दिल्ली, 24 मार्च (भाषा) कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने मंगलवार को सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में सिर्फ ‘सिलेंडर संकट’ नहीं, बल्कि ‘सरेंडर संकट’ भी हैं जहां भारत के फैसले अमेरिका कर रहा है।
उन्होंने लोकसभा में वित्त विधेयक पर चर्चा में भाग लेते हुए यह आरोप भी लगाया कि सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश को नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा, ‘‘ईरानी मुद्रा रियाल, लेबानानी पाउंड और भारतीय रुपये में सबसे तेज गिरावट आई है। ईरान और लेबनान पर बम गिर रहे हैं। वित्त मंत्री बताएं कि भारत पर कौन सा बम गिर रहा है।’’
हुड्डा ने कहा कि आज प्रति लीटर पेट्रोल पर 23 रुपये और प्रति लीटर डीजल पर 21 रुपये उत्पाद शुल्क वसूला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि एक प्रतिशत नागरिकों के हाथ में 40 प्रतिशत संपत्ति है, जबकि 50 प्रतिशत लोगों के पास सिर्फ तीन प्रतिशत संपत्ति है।
हरियाणा के रोहतक से लोकसभा सदस्य ने कहा, ‘‘किसानों पर 32 लाख करोड़ रुपये का कर्ज है, लेकिन एक रुपया माफ नहीं किया गया। कॉर्पोरेट समूहों का 16 लाख करोड़ रुपये माफ किया गया, लेकिन किसानों का एक रुपया भी माफ नहीं हुआ।’’
उन्होंने दावा किया, ‘‘देश में सिलेंडर संकट है तो सरेंडर संकट भी है। आज अमेरिका हमारा फैसला कर रहा है कि कहां से तेल लेंगे, कितने दाम में तेल लेंगे।’’
हुड्डा ने कटाक्ष करते हुए कहा कि कहीं ऐसा न हो जाए कि अमेरिका के हिसाब से भारत का बजट रात में 12 बजे पेश हो।
भाषा हक हक वैभव
वैभव

Facebook


