तिरुवनंतपुरम के छह उप पंजीयक कार्यालयों पर छापेमारी, 44,140 रुपये की बेहिसाब नकदी जब्त

Ads

तिरुवनंतपुरम के छह उप पंजीयक कार्यालयों पर छापेमारी, 44,140 रुपये की बेहिसाब नकदी जब्त

  •  
  • Publish Date - September 17, 2026 / 02:10 PM IST,
    Updated On - September 17, 2026 / 02:10 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 17 सितंबर (भाषा) सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (वीएसीबी) ने तिरुवनंतपुरम जिले के छह उप पंजीयक कार्यालयों पर एक साथ की गई औचक छापेमारी के दौरान 44,140 रुपये की बेहिसाब नकदी जब्त की है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, वीएसीबी ने बुधवार शाम करीब साढ़े तीन बजे पट्टम, चाला, तिरुवल्लम, शास्तमंगलम, कझाकूट्टम और नेमोम स्थित उप पंजीयक कार्यालयों में छापेमारी की।

यह कार्रवाई इस सूचना के बाद की गई कि विभिन्न सेवाओं के लिए अधिकारी कथित तौर पर दस्तावेज लेखकों के माध्यम से रिश्वत ले रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि ये छापेमारियां सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को रोकने के उद्देश्य से वीएसीबी की पहल ‘‘प्रोजेक्ट जीरो’’ के तहत, सतर्कता निदेशक मनोज अब्राहम के निर्देश पर की गई।

वीएसीबी के अनुसार, चाला उप पंजीयक कार्यालय में छापेमारी के दौरान कार्यालय के रिकॉर्ड कक्ष में रजिस्टरों के बीच रखे 35,310 रुपये मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया।

इसके अलावा, कार्यालय में मौजूद एक विक्रेता के पास से 5,000 रुपये जब्त किए गए। वह इस राशि के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका। अधिकारियों ने बताया कि सतर्कता विभाग को संदेह है कि यह रकम अधिकारियों को देने के लिए लाई गई हो सकती है।

सतर्कता टीम ने शास्तमंगलम उप पंजीयक कार्यालय के रिकॉर्ड कक्ष से 3,130 रुपये और पट्टम उप पंजीयक कार्यालय के रिकॉर्ड कक्ष से 700 रुपये की बेहिसाब नकदी भी जब्त की।

अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।

भाषा मनीषा रंजन

रंजन