पलानीस्वामी को खदेड़ने की लड़ाई है यह चुनाव : उदयनिधि
पलानीस्वामी को खदेड़ने की लड़ाई है यह चुनाव : उदयनिधि
(फाइल फोटो के साथ)
कांचीपुरम (तमिलनाडु), 30 मार्च (भाषा) तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने सोमवार को यहां अपना विधानसभा चुनाव प्रचार आरंभ करते हुए कहा कि यह चुनाव अन्नाद्रमुक सुप्रीमो पलानीस्वामी को खदेड़ने की लड़ाई है।
उन्होंने कहा कि यह चुनाव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को तमिलनाडु में (सत्ता में) आने से रोकने के लिए है।
द्रमुक के संस्थापक सी एन अन्नादुरई (1909-1969) के पैतृक शहर कांचीपुरम में अपना प्रचार अभियान आरंभ करते हुए उदयनिधि ने अपने पिता एवं पार्टी प्रमुख एम के स्टालिन के इस बयान का स्मरण किया कि आगामी चुनाव तमिलनाडु एवं दिल्ली के बीच की लड़ाई है ।
उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा को पैर नहीं जमाने दिया जाना चाहिए।
उदयनिधि ने पलानीस्वामी को प्रधानमंत्री मोदी का ‘गुलाम’ होने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि विपक्ष के नेता (पलानीस्वामी) के ‘वैचारिक मार्गदर्शक प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए, विधानसभा चुनाव अन्नाद्रमुक प्रमुख पलानीस्वामी को खदेड़ने के लिए है। क्या हम तमिलनाडु में प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह को सत्ता में आने दे सकते हैं? ’’
उन्होंने कहा कि जनता ऐसा होने नहीं देगी।
उन्होंने कहा, ‘‘इस चुनाव में हमें यह साबित करना होगा कि तमिलनाडु हमेशा दिल्ली के नियंत्रण से बाहर है। तमिलनाडु को भाजपा को पूरी तरह से हाशिये पर धकेलना होगा, जो राज्य के साथ विश्वासघात कर रही है। यह करना ही होगा।’’
उन्होंने द्रमुक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का ब्यौरा दिया, जिनमें मुख्यमंत्री नाश्ता योजना और महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना शामिल हैं।
उन्होंने कांचीपुरम में जमीन पर उतारी गयी अवसंरचना योजनाओं का भी उल्लेख किया और लोगों से द्रमुक के ‘उगते सूरज’ चिन्ह का समर्थन करने की अपील की।
उदयनिधि ने अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत से पहले अन्ना के स्मारक पर जाकर पार्टी के इस दिग्गज नेता को पुष्पांजलि अर्पित की।
उन्होंने कहा कि उन्होंने कांचीपुरम से चुनाव प्रचार शुरू किया, जबकि मुख्यमंत्री स्टालिन मंगलवार को द्रमुक के वरिष्ठ नेता एम. करुणानिधि के गृह नगर तिरुवरूर से चुनाव प्रचार शुरू करेंगे।
हालांकि, पलानीस्वामी ने चेन्नई के मायलापुर निर्वाचन क्षेत्र से अपना चुनाव प्रचार शुरू किया, जो भाजपा को आवंटित है।
भाषा
राजकुमार नरेश
नरेश

Facebook


