अंबाला में बोरवेल में गिरने से बच्चे की मौत के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
अंबाला में बोरवेल में गिरने से बच्चे की मौत के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
अंबाला, पांच जुलाई (भाषा) हरियाणा के अंबाला जिले में 220 फुट गहरे खुले बोरवेल में गिरने से चार वर्षीय बच्चे की मौत के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
लगभग 21 घंटे चले अभियान के बाद बुधवार को बोरवेल से बच्चे का शव निकाला गया था।
अंबाला सदर पुलिस ने नीरवैर सिंह नामक बच्चे की मौत के मामले में रविवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया जिसने उन्हें जमानत दे दी।
घटना मंगलवार को अंबाला जिले के धनेवरा गांव में हुई थी। इसके बाद पुलिस ने लापरवाही के कारण मौत का मामला दर्ज किया।
मृतक के परिवार की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए अंबाला सदर ने उस कृषि भूमि से जुड़े तीन व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जहां खुला हुआ बोरवेल स्थित है।
पुलिस के अनुसार बच्चे की मौत उनकी लापरवाही के कारण हुई।
हरनेक सिंह, दिलप्रीत सिंह और बलजीत सिंह को मामला दर्ज होने के बाद गिरफ्तार किया गया और बाद में जमानत मिल गई।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि हरनेक सिंह और उसका भाई संयुक्त रूप से कृषि भूमि के मालिक हैं जो दो गांववालों दिलप्रीत सिंह और बलजीत सिंह को पट्टे पर दी गई है।
नीरवैर 30 जून को अपने पिता के साथ दादा को नाश्ता देने खेत पर गया था। इस दौरान वह लगभग 220 फुट गहरे बोरवेल में गिर गया।
जिला पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सेना की टीमों ने बच्चे को बचाने के लिए कई घंटे लंबा अभियान चलाया। हालांकि तमाम प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका।
भाषा जोहेब नरेश
नरेश

Facebook


