उत्तरी दिल्ली में बाइक सवार चोर चलते ट्रक से 200 किलोग्राम की इलायची लेकर फरार, तीन पकड़े गए
उत्तरी दिल्ली में बाइक सवार चोर चलते ट्रक से 200 किलोग्राम की इलायची लेकर फरार, तीन पकड़े गए
नयी दिल्ली, 25 फरवरी (भाषा) उत्तरी दिल्ली में एक चलते ट्रक से बाइक सवारों द्वारा 200 किलोग्राम इलायची चोरी करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने इसमें कथित रूप से शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, एक परिवहन कंपनी में ट्रक चालक के रूप में कार्यरत दुखी कुमार की शिकायत पर 17 फरवरी को लाहौरी गेट थाने में ‘ई-प्राथमिकी’ दर्ज की गई।
कुमार ने बताया कि 13 फरवरी की रात को उन्होंने ट्रक पर पुरानी दिल्ली के खारी बावली से अन्य किराना सामान के साथ इलायची के बैग (प्रत्येक 50 किलो वजन) लादे थे। इस सामान को फरीदाबाद पुहंचाना था। अपने गंतव्य पर पहुंचने के बाद उन्होंने देखा कि पारगमन के दौरान ट्रक से कुल 200 किलोग्राम वजन के इलायची के चार बैग चोरी हो गए थे।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के दौरान क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया और दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह व्यक्तियों की पहचान की गई। मोटरसाइकिल सवार ये सभी लोग ट्रक का पीछा कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, फुटेज में सभी छह व्यक्तियों में से एक व्यक्ति को चलते हुए ट्रक पर पीछे से चढ़ते हुए तथा वाहन पर लादे गए इलायची के बैग नीचे फेंकते हुए देखा गया। यह भी देखा गया कि नीचे फेंके गए बैग को उसके साथियों ने उठा लिया।
एक मोटरसाइकिल का पंजीकरण नंबर दीपक नामक व्यक्ति के नाम पर मिला जो दिल्ली के पुल मिठाई का निवासी है।
हालांकि आधिकारियों के अनुसार दीपक फरार है।
वहीं, इस संबंध में मिली स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने 20 फरवरी को पुल मिठाई इलाके से बिहार के मुंगेर जिले के निवासी आनंद (30) और प्रदीप (36) को पकड़ लिया और चोरी की इलायची के एक बैग बरामद किए।
बाद में दोनों की निशानदेही पर बिहार के भागलपुर जिले के निवासी एक अन्य आरोपी सिथुन (24) को आजादपुर से गिरफ्तार किया गया।
मामले में पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि दीपक इस गिरोह का सरगना था और इसमें संदीप व सचिन नाम के दो अन्य व्यक्ति भी शामिल थे।
अधिकारी ने बताया कि उन्होंने कथित तौर पर खारी बावली से सराय काले खां तक ट्रक का पीछा किया और रास्ते में इलायची के बैग चुरा लिए।
पुलिस ने कहा कि पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 50 किलोग्राम वजन का इलायची का एक बैग और अपराध में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस ने बताया कि घटना के अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने और चोरी के बाकी सामान को बरामद करने के प्रयास जारी हैं।
भाषा प्रचेता सुरभि
सुरभि

Facebook


