कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन के पास मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतरे
कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन के पास मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतरे
कुरुक्षेत्र, आठ जून (भाषा) हरियाणा के कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन के पास सोमवार को एक मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। यह घटना उस समय हुई जब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एक विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के लिए स्टेशन पर ही मौजूद थे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि मालगाड़ी कैथल की ओर से आ रही थी, तभी कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन के पास उसके तीन डिब्बे पटरी से उतर गए।
उन्होंने बताया कि एक डिब्बा बिजली के खंभे से टकरा गया, जिससे ट्रेन को बिजली आपूर्ति करने वाली प्रणाली (ओएचई)बाधित हो गई।
घटना के तुरंत बाद रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी दल मौके पर पहुंचे और राहत तथा मरम्मत कार्य शुरू किया।
अधिकारियों ने बताया कि रेलवे कर्मचारी नुकसान के आकलन के लिए पटरियों और ‘ओवरहेड इक्विपमेंट’ (ओएचई) की जांच कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस हादसे के कारण इस रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
यह घटना उस समय हुई जब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ‘सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा’ के तहत एक विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के लिए कुरुक्षेत्र स्टेशन पर मौजूद थे। यह यात्रा गुजरात के सोमनाथ मंदिर पर हुए हुए पहले हमले के 1,000 वर्ष पूरे होने और 1951 में इसके पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित एक राष्ट्रव्यापी अभियान का हिस्सा है।
सहायक स्टेशन मास्टर यश पाल ने बताया कि इस हादसे के कारण ट्रेन को हरी झंडी दिखाने का कार्यक्रम प्लेटफॉर्म संख्या-1 के बजाय प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर स्थानांतरित करना पड़ा।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित पटरियों और बिजली आपूर्ति प्रणाली को दुरुस्त करने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
भाषा सुमित धीरज
धीरज

Facebook


