जम्मू में तीन मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया गया

Ads

जम्मू में तीन मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया गया

  •  
  • Publish Date - September 27, 2026 / 03:25 PM IST,
    Updated On - September 27, 2026 / 03:25 PM IST

जम्मू, 27 सितंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के सांबा और कठुआ जिलों में अलग-अलग स्थानों पर तीन मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से हेरोइन बरामद की गई, वहीं डोडा जिले में एक अन्य तस्कर की अचल संपत्ति कुर्क की गई है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सांबा जिले के एसआईडीसीओ चौक पर शनिवार को जांच के दौरान सुरजीत कुमार के पास से 8.23 ग्राम हेरोइन बरामद होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रवक्ता के अनुसार, कुमार मोटरसाइकिल से जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। उसकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है।

प्रवक्ता ने बताया कि एक अन्य तस्कर हरिया चक निवासी संजीव कुमार को सांबा के बारी ब्राह्मण इलाके में पुलिस की गश्ती टीम ने रोका। तलाशी के दौरान उसके पास से 6.23 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

उन्होंने बताया कि कठुआ में पुलिस ने शनिवार देर रात कुके चक के पास शमस दीन की तलाशी के दौरान उसके पास से पांच ग्राम हेरोइन बरामद की। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

अधिकारी ने बताया कि तीनों के खिलाफ स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।

प्रवक्ता ने बताया कि एक अन्य मामले में पुलिस ने जहीर अब्बास की 20 लाख रुपये से अधिक मूल्य की अचल संपत्ति कुर्क की है। उसके खिलाफ हाल ही में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।

भाषा प्रचेता सुरेश

सुरेश