निजी एंबुलेंस और सेना के वाहन की भिड़ंत, तीन लोगों की मौत

निजी एंबुलेंस और सेना के वाहन की भिड़ंत, तीन लोगों की मौत

निजी एंबुलेंस और सेना के वाहन की भिड़ंत, तीन लोगों की मौत
Modified Date: July 5, 2026 / 06:22 pm IST
Published Date: July 5, 2026 6:22 pm IST

जयपुर, छह जुलाई (भाषा) राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में रविवार को सूरतगढ़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर एक निजी एंबुलेंस और सेना के वाहन की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में कैंसर पीड़ित महिला, उसके बेटे और बेटी की मौत हो गई जबकि एक बेटा और एंबुलेंस चालक घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, हादसा केंचियां कस्बे के निकट उस समय हुआ जब एंबुलेंस एक ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे सेना के ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस में कैंसर पीड़ित महिला मरीज को जयपुर के एक अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद परिजन घर लेकर जा रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद राजमार्ग पर कुछ समय तक यातायात बाधित रहा।

पुलिस ने बताया, एंबुलेंस में कैंसर पीड़ित महेंद्र कौर (56) पत्नी कृष्ण सिंह, उनके बेटे सतनाम सिंह (26) और रामप्रकाश (32), बेटी लक्ष्मी देवी (26) तथा एंबुलेंस चालक राजवीर सवार थे। महिला के इलाज के बाद सभी जयपुर से श्रीगंगानगर लौट रहे थे।

पुलिस ने बताया, हादसे में महेंद्र कौर, लक्ष्मी देवी और सतनाम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रामप्रकाश और एंबुलेंस चालक राजवीर घायल हो गए।

सेना की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि ‘एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट’ वाहन एक परिचालन काफिले का हिस्सा था और अपनी सही दिशा में चल रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एंबुलेंस ने तेज गति से ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया और गलत लेन में आ गई और हादसा हो गया।

बयान में कहा गया, ‘‘दुर्भाग्यवश इस दुर्घटना में तीन नागरिकों की जान चली गई।’’

सेना ने बताया कि उसके जवानों ने तत्काल मौके पर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया और घायलों को शीघ्र चिकित्सा सुविधा दिलाने के लिए उन्हें अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।

हादसे की सूचना मिलते ही सूरतगढ़ सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सेना के जवानों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। दोनों घायलों को सूरतगढ़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

भाषा बाकोलिया शफीक

शफीक


लेखक के बारे में