बेलगावी में केएसआरटीसी बस और मोटरसाइकिल की भिड़ंत में तीन लोगों की मौत
बेलगावी में केएसआरटीसी बस और मोटरसाइकिल की भिड़ंत में तीन लोगों की मौत
बेलगावी (कर्नाटक), छह अगस्त (भाषा) कर्नाटक के बेलगावी जिले में बृहस्पतिवार को कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) की बस और मोटरसाइकिल के बीच हुई टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, हादसा गोकाक तालुक के कोन्नूर शहर में हुआ। मृतकों की पहचान सैफ मुल्ला (29), उनकी बेटी सीजा मुल्ला (4) और इम्तियाज बडगांव (35) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई एक अन्य बच्ची, जिहान शाहरुख कुडाचिकर को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, केएसआरटीसी की बस गोकाक की ओर जा रही थी, तभी कोन्नूर के पास एक मोटरसाइकिल से उसकी टक्कर हो गई।
पुलिस ने बताया कि यह मोटरसाइकिल गोकाक फॉल्स स्थित फोर्ब्स स्कूल से आ रही थी और इसे सैफ मुल्ला चला रहे थे। वाहन पर सैफ की बेटी सीजा, उनके दोस्त इम्तियाज तथा इम्तियाज की बेटी जिहान सवार थे।
पुलिस ने बताया कि इनमें से तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल बच्ची जिहान की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद बस चालक कथित तौर पर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रारंभिक जांच की और मामला दर्ज कर लिया है।
भाषा प्रचेता पवनेश
पवनेश

Facebook


