दिल्ली के होटल में लगी आग में राजस्थान के तीन लोगों की मौत
दिल्ली के होटल में लगी आग में राजस्थान के तीन लोगों की मौत
जयपुर, चार जून (भाषा) दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में आग लगने की घटना में जान गंवाने वालों में राजस्थान के तीन लोग थे। राजस्थान पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान अजमेर के गुलाब बाड़ी निवासी जवरीलाल अग्रवाल (70), उनकी पत्नी कमला अग्रवाल (68) और उनके रिश्तेदार, किशनगढ़ के संगमरमर व्यापारी अशोक पंसारी (64) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि ये मालवीय नगर के होटल में ठहरे हुए थे, जहां देर रात आग लग गई। वे दिल्ली एक रिश्तेदार से मिलने गये थे, जो अस्पताल में भर्ती था।
पुलिस ने कहा कि कमला अग्रवाल की मौत घटना स्थल पर हुई, जबकि जवरीलाल अग्रवाल का शव होटल में बाद में हुई तलाशी अभियान के दौरान मिला। अशोक पंसारी की भी इस घटना में मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि जवरीलाल अग्रवाल यूको बैंक के सेवानिवृत्त प्रबंधक थे।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि दंपति ने एक जून को ही कमला अग्रवाल का जन्मदिन मनाया था।
जवरीलाल अग्रवाल के परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। उनका बेटा सचिन अग्रवाल गूगल में अमेरिका में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है जो घटना की सूचना मिलने पर तुरंत भारत लौट आया।
उनकी बेटी दीपा अग्रवाल ने रिश्तेदारों को इस त्रासदी की जानकारी दी और तुरंत दिल्ली पहुंच गईं।
एक करीबी पड़ोसी और पूर्व सहकर्मी राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि वह अग्रवाल को दशकों से जानते थे और दोनों ने वर्षों तक एक ही बैंक शाखा में काम किया।
उन्होंने कहा, “जब भी वह यात्रा पर जाते, तो घर की चाबी मुझे देकर घर की देखभाल करने को कहते। इस बार वह बिना कुछ कहे चले गए।”
भाषा बाकोलिया राजकुमार
राजकुमार

Facebook


