मलेशिया से तीन वांछित अपराधी वापस लाए गए : पंजाब पुलिस

मलेशिया से तीन वांछित अपराधी वापस लाए गए : पंजाब पुलिस

मलेशिया से तीन वांछित अपराधी वापस लाए गए : पंजाब पुलिस
Modified Date: August 19, 2026 / 05:07 pm IST
Published Date: August 19, 2026 5:07 pm IST

चंडीगढ़, 19 अगस्त (भाषा) पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों की मदद से दविंदर बंबीहा गिरोह से जुड़े तीन वांछित अपराधियों के मलेशिया से प्रत्यर्पण में सफलता हासिल की है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव के अनुसार, इन आरोपियों की पहचान फरीदकोट निवासी जसप्रीत सिंह उर्फ जस बेहबल तथा राजस्थान के श्री गंगानगर निवासी अजय सिंह और पवनदीप सिंह के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि मलेशिया से भारत लाए जाने के बाद तीनों को पंजाब पुलिस ने नयी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) पर गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद मामले में जांच के लिए उन्हें पंजाब लाया गया।

डीजीपी ने बताया कि तीनों दविंदर बंबीहा गिरोह के मलेशिया स्थित प्रमुख सदस्य हैं। वे हत्या, जबरन वसूली और लुधियाना में हथगोला फेंकने की साजिश समेत कई मामलों में वांछित हैं। लुधियाना में हथगोला फेंकने की साजिश के तार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े हुए थे।

काउंटर इंटेलिजेंस के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अमित प्रसाद ने कहा कि इन तीनों फरार आरोपियों का वापस लाना और गिरफ्तार करना कई महीनों से चलाए जा रहे खुफिया-आधारित अभियान का नतीजा है। यह अभियान कई महीनों तक जारी रहा। इस दौरान तीनों लोगों की गतिविधियों और आवाजाही पर लगातार करीबी नजर रखी गई।

उन्होंने बताया कि समन्वित प्रयासों के बाद तीनों को मलेशिया में हिरासत में लिया गया और फिर भारत लाया गया।

‘ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्रेडिशन सेल’ (ओएफटीईसी) के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) आशीष चौधरी ने बताया कि आरोपी जसप्रीत उर्फ जस बेहबल जून 2019 में मलेशिया गया था। वहां उसकी मुलाकात एक फरार गैंगस्टर से हुई, जिसके जरिए वह दविंदर बंबीहा गिरोह में शामिल हो गया और धीरे-धीरे गिरोह का एक अहम सदस्य बन गया।

उन्होंने बताया कि आरोपी को पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ के पूर्व छात्र नेता जीवनजोत सिंह चहल उर्फ जुगनू के चालक और यादविंदर सिंह की 2025 में हुई हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया है।

आईजीपी ने बताया कि आरोपी अजय सिंह और पवनदीप सिंह भी बंबीहा गिरोह के प्रमुख सदस्य हैं। उन्होंने 2025 में लुधियाना शहर में हथगोला विस्फोट करने के लिए अपने स्थानीय सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी थी।

हालांकि, लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस ने 27 अक्टूबर 2025 को उनके दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर हमले की साजिश को नाकाम कर दिया था। पुलिस ने उनके कब्जे से एक चीनी हथगोला भी बरामद किया था।

पंजाब पुलिस ने विदेशों में मौजूद गैंगस्टरों के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए ओएफटीईसी का गठन किया था। इसके प्रमुख पुलिस महानिरीक्षक आशीष चौधरी हैं।

भाषा प्रचेता शफीक

शफीक


लेखक के बारे में