रणथंभौर बाघ अभयारण्य में बाघिन की मौत

रणथंभौर बाघ अभयारण्य में बाघिन की मौत

रणथंभौर बाघ अभयारण्य में बाघिन की मौत
Modified Date: March 8, 2026 / 07:48 pm IST
Published Date: March 8, 2026 7:48 pm IST

जयपुर, आठ मार्च (भाषा) सवाईमाधोपुर जिले के रणथंभौर बाघ अभयारण्य की खण्डार रेंज में बाघिन टी-94 की रविवार को मौत हो गई। वन विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही मृत बाघिन को कब्जे में लेकर राजबाग वन चौकी लाया गया जहां पशु चिकित्सकों की एक टीम गठित कर राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के प्रोटोकॉल के अनुसार पोस्टमार्टम किया गया।

रणथंभौर के उपक्षेत्र निदेशक एवं उपवन संरक्षक बाघ परियोजना (प्रथम) मानस सिंह ने बताया कि लगभग 10 से 11 वर्षीय बाघिन टी-94 खण्डार रेंज के ओंदी खोह, मूड घुसा, इंडाला, खटोला, कासेरा, बालाजी, घोड़ा घाटी, विंध्यकड़ा और फरिया क्षेत्रों में विचरण करती थी।

उन्होंने बताया कि रविवार सुबह गश्त के दौरान घोड़ा घाटी क्षेत्र में वनकर्मियों ने बाघिन को मृत अवस्था में पाया।

पशु चिकित्सक सी.पी. मीणा ने बताया कि बाघिन के अंग खराब हो चुके थे और उसके फेफड़ों ने काम करना बंद कर दिया था जिससे संभवत: उसकी मौत हुई।

उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के दौरान लिये गए नमूनों को प्रयोगशाला भेजा जाएगा और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारण की पुष्टि हो सकेगी।

भाषा बाकोलिया खारी

खारी


लेखक के बारे में