जयपुर, एक अगस्त (भाषा) सवाई माधोपुर जिले के रणथम्भौर बाघ अभयारण्य में एक बाघिन (टी-127) अपने दो शावकों के साथ नजर आई है। वन अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि बाघिन संग उसके शावकों को देखकर वन्यजीव प्रेमी और पर्यटक काफी उत्साहित हैं।
अधिकारियों के अनुसार, बाघिन को अभयारण्य के सफारी क्षेत्र जोन-7 में देखा गया। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ समय से उसकी गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही थी।
वन विभाग के मुताबिक, बाघिन की शारीरिक स्थिति और व्यवहार में बदलाव दिखाई देने के बाद उसके शावकों के होने की संभावना को देखते हुए विशेष निगरानी शुरू की गई थी।
विभाग की टीमें कैमरा ट्रैप, क्षेत्र में गश्त करके और अन्य वैज्ञानिक तरीकों से उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थीं।
बाघिन दो शावकों के साथ दिखाई दी है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि शावकों की वास्तविक संख्या की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, क्योंकि अब तक सभी शावक प्रत्यक्ष रूप से नहीं देखे गए हैं।
उप वनसंरक्षक मानस सिंह ने कहा, ‘‘सभी शावकों का प्रत्यक्ष रूप से सत्यापन होने के बाद ही उनकी आधिकारिक संख्या घोषित की जाएगी।’’
उन्होंने बताया कि शावकों की सुरक्षा और उनके निर्बाध विकास को सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्र में निगरानी और संरक्षण संबंधी उपाय लगातार जारी रहेंगे।
उन्होंने कहा कि रणथम्भौर में बाघों का सफल प्रजनन अभयारण्य में प्रभावी संरक्षण और वैज्ञानिक प्रबंधन का सकारात्मक परिणाम है।
भाषा बाकोलिया नेत्रपाल संतोष
संतोष