टॉलीगंज फिल्म उद्योग के हितधारकों ने सभी बांग्ला फिल्मों के लिए बीमा अनिवार्य करने का फैसला किया
टॉलीगंज फिल्म उद्योग के हितधारकों ने सभी बांग्ला फिल्मों के लिए बीमा अनिवार्य करने का फैसला किया
कोलकाता, 28 अप्रैल (भाषा) अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी की मौत सहित हाल की विभिन्न घटनाओं के मद्देनजर टॉलीगंज मनोरंजन उद्योग के हितधारकों ने नए सुरक्षा उपायों के तहत सभी बांग्ला फिल्मों के लिए बीमा अनिवार्य करने का फैसला किया है।
‘ईस्टर्न इंडिया मोशन पिक्चर्स एसोसिएशन’ (ईआईएमपीए) और ‘वेस्ट बंगाल मोशन पिक्चर आर्टिस्ट्स फोरम’ के वरिष्ठ पदाधिकारियों की यह संयुक्त बैठक फिल्म सेटों पर सुरक्षा उपायों की समीक्षा करने तथा एक नयी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का मसौदा तैयार करने के उद्देश्य से बुलाई गयी थी।
ईआईएमपीए अध्यक्ष पिया सेनगुप्ता, चेयरमैन ऋतब्रता भट्टाचार्य, फिल्म निर्माता राणा सरकार व प्रदीप नंदी भी इस बैठक में शामिल हुए, जबकि निर्माता श्रीकांत मोहता इससे डिजिटल तरीके से जुड़े।
‘सीनियर आर्टिस्ट्स फोरम’ के सदस्य प्रोसेनजीत चटर्जी, फोरम सचिव शांतिलाल मुखोपाध्याय तथा अभिनेत्री बिदिप्ता चक्रवर्ती सहित अन्य लोग भी इस बैठक में उपस्थित थे।
राणा ने बताया, ‘फिल्म बीमा के साथ-साथ हमने सेट पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कई उपायों पर चर्चा की। लिखित एसओपी जल्द ही साझा की जाएगी।’
प्रस्तावित बीमा कवर प्रत्येक फिल्म के बजट पर निर्भर होगा, लेकिन इसमें सभी पहलुओं का ध्यान रखा जाएगा।
सेनगुप्ता ने संवाददाताओं से कहा कि 30 मार्च को राहुल की मौत ने सुरक्षा उपायों की कमियों को उजागर कर दिया।
उन्होंने कहा ‘साथ-साथ काम करते हुए हम कुछ क्षेत्रों में थोड़े असंगठित हो गए थे। राहुल ने हमें दिखाया कि हमें अधिक व्यवस्थित होने की जरूरत है।’
शूटिंग के दौरान शराब पीने और धूम्रपान पर संभावित पाबंदियों सहित, आचार संहिता लागू करने जैसे मुद्दों के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में बिदिप्ता ने कहा, ‘हमने ऐसे सभी मुद्दों पर चर्चा की है, और जल्द ही इस पर कोई फैसला किया जाएगा।’
शूटिंग के दौरान डूबने से बनर्जी की मौत हो गयी थी।
भाषा अविनाश
अविनाश

Facebook


