मानसून के सुहावने मौसम से शिमला की ओर खिंचे चले आ रहे पर्यटक

मानसून के सुहावने मौसम से शिमला की ओर खिंचे चले आ रहे पर्यटक

मानसून के सुहावने मौसम से शिमला की ओर खिंचे चले आ रहे पर्यटक
Modified Date: July 4, 2026 / 02:39 pm IST
Published Date: July 4, 2026 2:39 pm IST

शिमला, चार जुलाई (भाषा) मानसून के दौरान शिमला में रिमझिम बारिश, धुंध, सुहावना मौसम और बादलों से घिरी पहाड़ियों के आर्कषण से पर्यटकों का आगमन जारी है। पर्यटन उद्योग के अनुसार, इस मौसम में होटल में नियमित बुकिंग जारी है और अभी तक इसे रद्द करने संबंधी कोई बड़े मामले सामने नहीं आए हैं।

पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों ने बताया कि इस पहाड़ी शहर में सप्ताहांत होटलों में कमरों की बुकिंग 40 से 50 प्रतिशत के बीच बनी हुई है, जो पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 10 प्रतिशत से अधिक है।

‘शिमला होटल्स एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन’ के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि बुकिंग रद्द होने का कोई बड़ा मामला सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि यदि बारिश से जुड़ी कोई बड़ी अप्रिय घटना नहीं होती है, तो उद्योग को इस पर्यटन सत्र के सुचारू रूप से चलने की पूरी उम्मीद है।

यात्रा संबंधी उद्योग से जुड़े विजय कुमार ने बताया कि पर्यटक अब मानसून का अनुभव लेने के लिए बड़ी संख्या में हिमाचल प्रदेश आ रहे हैं, जबकि पहले के समय में कई लोग बरसात के मौसम में पहाड़ों की यात्रा करने से बचते थे।

कानपुर से अपने परिवार के साथ आए बदरुद्दीन ने बताया कि यहां का मौसम बहुत सुहावना है और नजारा बेहद खूबसूरत है।

वहीं, लुधियाना के अरविंद सिंह ने कहा कि मैदानी इलाकों में जारी भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए शिमला सबसे बेहतरीन जगह है।

भाषा प्रचेता नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में