टाउन हॉल का जीर्णोद्धार: डीटीटीडीसी ने एमसीडी से विरासत भवन का खाका मांगा
टाउन हॉल का जीर्णोद्धार: डीटीटीडीसी ने एमसीडी से विरासत भवन का खाका मांगा
नयी दिल्ली, आठ जून (भाषा) दिल्ली पर्यटन और परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी) ने सर्वेक्षण शुरू कर दिया है और चांदनी चौक स्थित 160 साल पुराने टाउन हॉल भवन के संरक्षण और पुनर्विकास के लिए एक एजेंसी को नियुक्त करने की प्रक्रिया में है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, डीटीटीडीसी ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) से ऐतिहासिक इमारत का संरचनात्मक खाका और लेआउट प्लान उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। इस इमारत को वैश्विक विरासत केंद्र के रूप में पुनर्विकास करने के लिए ग्रेड-ए विरासत संरचना के रूप में वर्गीकृत किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि डीटीटीडीसी की परियोजना निगरानी इकाई इस परियोजना के लिए एक अवधारणा योजना, विस्तृत रेखाचित्र, विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) और निविदा दस्तावेज तैयार कर रही है।
डीटीटीडीसी ने एक जून को एमसीडी के उपायुक्त (सिटी-एसपी जोन) को लिखे एक पत्र में नगर निकाय के संबंधित विभागों से टाउन हॉल परिसर के मौजूदा संरचनात्मक खाका, ‘फ्लोर लेआउट’ (हर मंजिल का नक्शा), ऊंचाई से जुड़े चित्र, नक्शे और अन्य प्रासंगिक ऐतिहासिक या तकनीकी दस्तावेज उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
इस प्रतिष्ठित इमारत को वैश्विक धरोहर केंद्र में बदलने की परियोजना की घोषणा 2026-27 के दिल्ली के बजट में की गई थी और इसे केंद्र सरकार का समर्थन प्राप्त है।
नगर निगम के पास 19वीं सदी की इस ऐतिहासिक इमारत का स्वामित्व और प्रशासनिक नियंत्रण है।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश

Facebook


