तृणमूल कांग्रेस केजरीवाल के बरी होने के बाद केंद्रीय एजेंसियों के ‘दुरुपयोग’ के लिए भाजपा पर बरसी
तृणमूल कांग्रेस केजरीवाल के बरी होने के बाद केंद्रीय एजेंसियों के ‘दुरुपयोग’ के लिए भाजपा पर बरसी
कोलकाता, 27 फरवरी (भाषा) तृणमूल कांग्रेस ने शुक्रवार को दिल्ली की एक अदालत द्वारा आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को शराब नीति मामले में बरी करने के फैसले का स्वागत किया और आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को बड़ी राहत देते हुए राष्ट्रीय राजधानी की एक अदालत ने दोनों नेताओं और 21 अन्य को कथित शराब नीति घोटाला मामले में शुक्रवार को बरी कर दिया और उनके खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के आरोपपत्र पर संज्ञान लेने से इनकार कर दिया।
इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए तृणमूल कांग्रेस के सांसद साकेत गोखले ने आरोप लगाया कि यह मामला ‘‘राजनीति से प्रेरित’’ था और इसका उद्देश्य विपक्षी नेताओं को ‘‘बदनाम’’ करना था।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया, ‘‘भाजपा ने विपक्षी नेताओं को बदनाम करने के लिए एक फर्जी मामला दर्ज कराया, जिसके तहत उन्हें गिरफ्तार किया गया और उनके मनोबल को तोड़ने तथा उनकी प्रतिष्ठा को धूमिल करने के लिए उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। एक बार फिर सीबीआई और ईडी को अपने राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल करने की भाजपा की बेशर्म चाल बेनकाब हो गई है। मोदी-शाह सरकार इन फर्जी मामलों की तरह जल्द ही ढह जाएगी।’’
तृणमूल सांसद ने केजरीवाल और सिसोदिया को ‘‘इस अन्याय के खिलाफ जीत हासिल करने’’ के लिए बधाई दी।
गोखले ने सोशल मीडिया मंच पर कहा, ‘‘आपकी सच्चाई साबित हो गई है और इस कठिन दौर में आपने जो साहस दिखाया, हम उसे सलाम करते हैं।’’
तृणमूल सांसद महुआ मोइत्रा ने भी केजरीवाल को बधाई दी और जांच एजेंसियों के कथित दुरुपयोग को लेकर भाजपा पर जमकर निशाना साधा।
मोइत्रा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सत्यमेव जयते! भाजपा, समय रहते सबक सीख लो। तुम्हारे सारे गंदे हथकंडे, तुम्हारी ईडी, तुम्हारी सीबीआई – ये सब कठपुतलियां सच्चाई के सामने मिट जाएंगी। बधाई हो अरविंद केजरीवाल।’’
तृणमूल कांग्रेस, भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर महत्वपूर्ण चुनावों से पहले विपक्ष शासित राज्यों और नेताओं को निशाना बनाने के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो और प्रवर्तन निदेशालय जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल करने का लगातार आरोप लगाती रही है।
सीबीआई आम आदमी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार की अब रद्द हो चुकी आबकारी नीति के निर्माण और कार्यान्वयन में कथित भ्रष्टाचार की जांच कर रही है।
भाषा गोला मनीषा
मनीषा

Facebook


