कोलकाता हवाई अड्डे पर कारतूस ले जाने के पुराने मामले में तृणमूल पार्षद गिरफ्तार

कोलकाता हवाई अड्डे पर कारतूस ले जाने के पुराने मामले में तृणमूल पार्षद गिरफ्तार

कोलकाता हवाई अड्डे पर कारतूस ले जाने के पुराने मामले में तृणमूल पार्षद गिरफ्तार
Modified Date: May 6, 2026 / 03:12 pm IST
Published Date: May 6, 2026 3:12 pm IST

कोलकाता, छह मई (भाषा) नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर वैध दस्तावेजों के बिना कारतूस ले जाने के एक पुराने मामले में तृणमूल कांग्रेस के एक पार्षद को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान अमीरुल शेख इस्लाम के रूप में हुई है, जो बज बज विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पुजाली नगरपालिका के वार्ड 14 से पार्षद है।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी को मंगलवार रात को हिरासत में लिया गया। उन्होंने बताया कि पिछले साल सितंबर में वह एक विमान से उड़ान भरने के लिए कोलकाता हवाई अड्डे पहुंचा था और उसके सामान से कारतूस बरामद हुआ था लेकिन वह निर्धारित समय में उसके लिए कोई वैध लाइसेंस दिखाने में असफल रहे।

केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के सब-इंस्पेक्टर गोपाल शॉ द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, घटना 21 सितंबर, 2025 की है जब आरोपी इंडिगो की उड़ान में सवार होने के लिए हवाई अड्डे पर पहुंचा था।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘नियमित सामान जांच के दौरान यात्री के सामान में एक मैगजीन के साथ 7.65 एमएम के छह कारतूस बरामद हुए थे।’’

अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने शुरू में दावा किया था कि उसके पास वैध लाइसेंस है और उसने दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए समय मांगा था।

अधिकारी ने कहा, ‘‘चूंकि वह एक निर्वाचित जन प्रतिनिधि है, इसलिए उसे आवश्यक कागजात प्रस्तुत करने के लिए सात दिन का समय दिया गया था। हालांकि, वह दिए गए समय के भीतर कोई भी वैध दस्तावेज़ प्रस्तुत करने में विफल रहा।’’

अधिकारी ने कहा कि इसके बाद, हवाई अड्डे के थाने में शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

अधिकारी ने बताया, ‘‘वैध लाइसेंस के बिना कारतूस रखना दंडनीय अपराध है। जांच जारी है।’’

पुलिस ने कहा कि मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

भाषा सुरभि अमित

अमित


लेखक के बारे में