तृणमूल कार्यकर्ता भाजपा का झंडा लेकर बंगाल में हिंसा भड़काने की कर रहे हैं कोशिश: संबित पात्रा

तृणमूल कार्यकर्ता भाजपा का झंडा लेकर बंगाल में हिंसा भड़काने की कर रहे हैं कोशिश: संबित पात्रा

तृणमूल कार्यकर्ता भाजपा का झंडा लेकर बंगाल में हिंसा भड़काने की कर रहे हैं कोशिश: संबित पात्रा
Modified Date: May 6, 2026 / 09:18 pm IST
Published Date: May 6, 2026 9:18 pm IST

(फाइल फोटो के साथ)

नयी दिल्ली, छह मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में उसे बदनाम करने के लिए तृणमूल कांग्रेस उसके प्रतीकों का इस्तेमाल कर अपने कार्यकर्ताओं को भाजपा कार्यकर्ताओं के रूप में पेश कर रही है एवं चुनाव बाद हिंसा भड़काने की कोशिश कर रही है।

भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने स्पष्ट तौर पर कहा कि चुनाव में जीत के बाद उनके कार्यकर्ताओं ने कभी भी हिंसा का सहारा नहीं लिया है।

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद हुई हिंसा से जुड़े सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘जिन भी राज्यों में हमारी सरकार सत्ता में है, हमने कभी भी किसी के खिलाफ हिंसा का सहारा नहीं लिया है। हमें ऐसी खबर मिल रही हैं कि कई जगहों पर तृणमूल कार्यकर्ता भाजपा के स्कार्फ पहनकर और झंडे लेकर आगजनी करने एवं माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।’’

उन्होंने दावा किया कि तृणमूल ‘हताशा’ में काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि यह पार्टी ‘किसी भी हद तक जा सकती है।’

भाजपा सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से बदले की राजनीति से बचने और विकास की दिशा में काम करने की अपील की है।

भाजपा सांसद पात्रा ने कहा, ‘‘आप सभी ने पश्चिम बंगाल में इस ऐतिहासिक चुनाव को देखा। प्रधानमंत्री ने खुद कुछ दिन पहले हमारे कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए, एक बहुत ही महत्वपूर्ण बात कही थी। यह पहला ऐसा चुनाव था, जिसमें जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ। किसी भी बेकसूर व्यक्ति की जान नहीं गई। किसी के घर में आग नहीं लगाई गई।’’

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राज्य में किसी भी कीमत पर हिंसा नहीं होने देगी। उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी द्वारा कथित तौर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ की गई ‘आपत्तिजनक’ टिप्पणियों का भी ज़िक्र किया।

इस बीच, बुधवार को भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई ने कहा कि तृणमूल से जुड़े ऐसे लोग, ‘जो अत्याचारों, गैर-कानूनी गतिविधियों या डराने-धमकाने के कामों में शामिल रहे हैं, वे अपनी जवाबदेही से बचने के लिए भाजपा में पनाह नहीं ले सकते।’’

प्रदेश भाजपा प्रवक्ता देबजीत सरकार ने कहा, ‘‘कानून अपना काम करेगा। भाजपा एक स्वच्छ और पारदर्शी बंगाल के लिए खड़ी है। किसी भी अपराधी या असामाजिक तत्व को किसी भी हाल में पार्टी में शामिल होने की इजाज़त नहीं दी जाएगी।’’

उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि कोई भी व्यक्ति तब तक खुद को भाजपा का सदस्य होने का दावा नहीं कर सकता, जब तक कि पार्टी औपचारिक रूप से उस व्यक्ति को स्वीकार न कर ले।

पात्रा ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी उनके इस बयान को लेकर हमला बोला कि वह इस्तीफ़ा नहीं देंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी को मिली करारी हार के बाद तृणमूल प्रमुख अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रही हैं।

भाषा राजकुमार सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में