उस्मान हादी की हत्या मामले के दो आरोपियों को बंगाल पुलिस ने गिरफ्तार किया
उस्मान हादी की हत्या मामले के दो आरोपियों को बंगाल पुलिस ने गिरफ्तार किया
कोलकाता, आठ मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने बांग्लादेश के राजनीतिक कार्यकर्ता उस्मान हादी की हत्या के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
बांग्लादेश में हादी की हत्या के बाद वहां व्यापक हिंसा हुई थी।
दो बांग्लादेशी नागरिकों को उत्तर 24 परगना जिले के सीमावर्ती कस्बे बोंगांव से पकड़ा गया। उनकी पहचान राहुल उर्फ फैसल करीम मसूद (37) और आलमगीर हुसैन (34) के रूप में हुई है, जो क्रमशः पटुआखाली और ढाका के रहने वाले हैं।
पश्चिम बंगाल एसटीएफ ने एक बयान में कहा कि दोनों आरोपियों को सात मार्च की रात को गिरफ्तार किया गया। बयान में कहा गया कि विश्वसनीय जानकारी मिली थी कि दो बांग्लादेशी नागरिक बांग्लादेश में जबरन वसूली और हत्या जैसे गंभीर अपराध करने के बाद भाग गए थे और अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर गए हैं।
बयान में कहा गया है, ‘‘वे बोंगांव में शरण लेने की कोशिश कर रहे थे ताकि मौका मिलते ही बांग्लादेश में वापस घुस सकें।’
एसटीएफ ने बताया कि दोनों आरोपी मेघालय सीमा के रास्ते भारतीय सीमा में दाखिल हुए और भारत के विभिन्न स्थानों से होते हुए बोंगांव पहुंचे, जहां उनका इरादा वापस बांग्लादेश में घुसने का था।
बयान में कहा गया है, ‘‘इस संबंध में एक विशिष्ट मामला दर्ज किया गया है।’
रविवार को एक अदालत ने मसूद और हुसैन को पुलिस हिरासत में भेज दिया।
भाषा अमित अविनाश
अविनाश

Facebook


