दिल्ली के न्यू राजेंद्र नगर में दो बुर्जुग महिलाएं अपने घर पर मृत मिली

दिल्ली के न्यू राजेंद्र नगर में दो बुर्जुग महिलाएं अपने घर पर मृत मिली

दिल्ली के न्यू राजेंद्र नगर में दो बुर्जुग महिलाएं अपने घर पर मृत मिली
Modified Date: May 28, 2026 / 07:04 pm IST
Published Date: May 28, 2026 7:04 pm IST

नयी दिल्ली, 28 मई (भाषा) मध्य दिल्ली के न्यू राजेंद्र नगर स्थित एक आवास में बृहस्पतिवार सुबह दो बुजुर्ग महिलाएं मृत पाई गईं। पुलिस का कहना है कि घर में जबरन प्रवेश का कोई संकेत नहीं मिला है और आशंका है कि उनकी मौत उम्र संबंधी बीमारियों के कारण हुई है।

अधिकारियों के अनुसार, दोनों महिलाओं की पहचान सरोज बाला और उनकी रिश्तेदार चंद्रकांता के रूप में हुई है, दोनों लगभग 80 वर्ष की थीं।

पुलिस ने बताया कि दोनों महिलाएं पेंशनभोगी थीं और सरोज पिछले कई वर्षों से उसी घर में चंद्रकांता के साथ रह रही थीं। उसने बताया कि उनके परिवार के कुछ सदस्य पश्चिमी दिल्ली में रहते हैं।

एक घरेलू सहायिका ने बृहस्पतिवार सुबह करीब 10:30 बजे पुलिस को घर से दुर्गंध आने की सूचना दी। पुलिस ने बताया कि उसने मंगलवार को दोनों महिलाओं के लिए चाय बनाई थी और उन्हें परोसी थी।

संयुक्त पुलिस आयुक्त (मध्य) मधुर वर्मा ने बताया, ‘‘वे दोनों वरिष्ठ नागरिक थीं और यहां अकेली रह रही थीं। इस घटना की जानकारी घरेलू सहायिका ने सुबह करीब 9:30 से 10 बजे के बीच दी। इसी सहायिका ने परसों (मंगलवार) उनके लिए चाय बनाई थी।’’

उन्होंने कहा कि चाय के कप अब भी वहीं वैसे ही पड़े हुए थे और मौके पर किसी तरह की हाथापाई या घर में जबरन प्रवेश का कोई संकेत नहीं मिला है।

संयुक्त पुलिस आयुक्त ने कहा, ‘‘शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिक जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मिल पाएगी। पश्चिमी दिल्ली में रहने वाले उनके रिश्तेदारों को बुलाया गया है और हम उनसे बातचीत कर रहे हैं। बाकी विवरण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा।’’

अधिकारी ने बताया कि मौके पर पहुंचे पुलिस दल को दोनों महिलाएं एक कमरे में मृत मिलीं, जिनमें से एक बिस्तर पर और दूसरी फर्श पर पड़ी थी।

पुलिस को आशंका है कि महिलाओं की मौत एक या दो दिन पहले हुई होगी क्योंकि परिसर से दुर्गंध आनी शुरू हो गई थी, जबकि उनके पड़ोसियों ने भी हाल-फिलहाल में दोनों महिलाओं को नहीं देखा था।

अधिकारी ने कहा, ‘‘यह मकान एक मंजिला है जिसमें प्रवेश के चार रास्ते हैं। निरीक्षण के दौरान जबरन प्रवेश, तोड़फोड़ या हाथापाई का कोई निशान नहीं मिला।’’

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या दोनों महिलाएं उम्र संबंधी बीमारियों से पीड़ित थीं या बिना किसी तात्कालिक पारिवारिक सहयोग के एकांत में रह रही थीं।

अधिकारी ने बताया कि मौत से पहले की घटनाओं के क्रम का पता लगाने के लिए पड़ोसियों और स्थानीय लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

अधिकारी ने कहा, ‘प्रारंभिक जांच में किसी तरह की गड़बड़ी की बात सामने नहीं आई है, हालांकि दुर्घटनाजन्य मृत्यु और चिकित्सीय जटिलताओं सहित सभी संभावित कोणों से मामले की जांच की जा रही है।’

भाषा सुमित नरेश

नरेश


लेखक के बारे में