पौड़ी में वन्यजीवों के हमलों में डेढ़ साल की बच्ची समेत दो की मौत

पौड़ी में वन्यजीवों के हमलों में डेढ़ साल की बच्ची समेत दो की मौत

पौड़ी में वन्यजीवों के हमलों में डेढ़ साल की बच्ची समेत दो की मौत
Modified Date: January 26, 2026 / 12:25 am IST
Published Date: January 26, 2026 12:25 am IST

पौड़ी, 25 जनवरी (भाषा) उत्तराखंड के पौड़ी जिले के लैंसडाउन क्षेत्र में पिछले 24 घंटे में वन्यजीवों के हमलों में डेढ़ साल की बच्ची सहित दो व्यक्तियों की मौत हो गयी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी ।

पहली घटना जयहरीखाल के बरस्वार गांव में शनिवार को हुई जहां तेंदुआ घर के आंगन से मां की आंखों के सामने से डेढ़ साल की बच्ची को उठा ले गया।

अधिकारियों ने बताया कि अपनी मां के साथ आंगन में खेल रही यशिका को तेंदुए ने झपट्टा मारकर उठाया और उसे लेकर भाग गया। यह घटनाक्रम इतनी तेजी से हुआ कि उसकी मां कुछ समझ ही नहीं पाई । बाद में, मां के शोर मचाने पर परिजन और ग्रामीण बाहर भागे जहां घर से 20 मीटर दूर झाड़ियों में वह लहूलुहान हालत में पड़ी मिली।

उन्होंने बताया कि बच्ची को लैंसडाउन अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया । घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंची लैंसडाउन की उप जिलाधिकारी शालिनी मौर्य ने बताया कि क्षेत्र में वन विभाग की टीम तैनात कर दी गयी है ।

लैंसडाउन क्षेत्र में हुई एक अन्य घटना में रविवार को एक हाथी ने 70 वर्षीय वृद्ध को कुचल दिया ।

अधिकारियों ने बताया कि घटना दोपहर लगभग एक बजे कोटद्वार रेंज की सुखरो बीट में हुई जहां बृजमोहन सिंह अपने साथियों के साथ सूखी लकड़ियां बीनने जंगल में गया था ।

उन्होंने बताया कि इसी दौरान, उनके सामने अचानक एक जंगली हाथी आ गया जिससे देखकर सभी लोग जान बचाने के लिए बाहर की ओर दौड़ने लगे हालांकि, सिंह ज्यादा दूर नहीं दौड़ सका और गिर गया जिसके बाद हाथी ने उसे अपने पांव तले कुचल दिया ।

सिंह के साथियों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी जिसके बाद वनकर्मियों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसका शव बरामद किया ।

भाषा सं दीप्ति शोभना

शोभना


लेखक के बारे में