सूरत में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प में दो लोगों की मौत, दो गिरफ्तार
सूरत में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प में दो लोगों की मौत, दो गिरफ्तार
सूरत, सात जून (भाषा) गुजरात के सूरत शहर में शनिवार देर रात एक चाय की दुकान पर हुए विवाद के बाद दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
यह घटना शहर के सिंगनपुर इलाके में देर रात करीब डेढ़ बजे हुई।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) आलोक कुमार ने बताया कि मृतकों की पहचान भाटू माली और हर्षल पाटिल के रूप में हुई है। ये दोनों मूल रूप से महाराष्ट्र के रहने वाले थे और वर्तमान में सूरत में रह रहे थे।
पुलिस के अनुसार, चाय की दुकान पर शुरू हुई मामूली बहस ने बाद में खूनी संघर्ष का रूप ले लिया।
उसने बताया कि माली और पाटील सहित चार लोग चाय की दुकान पर पहुंचे और कथित तौर पर गुटखे की मांग की। दुकान मालिक ने उनसे कहा कि दुकान बंद हो चुकी है।
उस समय कुछ स्थानीय युवक दुकान के अंदर कैरम खेल रहे थे। आरोप है कि बाहर से आए गुट ने जबरन दुकान में घुसने की कोशिश की, जिसके बाद अंदर मौजूद लोगों के साथ उनकी बहस हो गई।
डीसीपी कुमार ने बताया कि इसके बाद माली, पाटिल और उनके समूह के अन्य लोग (जो कतारगाम और लिंबायत इलाके के रहने वाले थे) वहां से चले गए, लेकिन कुछ ही देर बाद वे चाकुओं के साथ वापस लौटे।
इसके बाद दोनों पक्षों में हिंसक झड़प शुरू हो गई। पुलिस का मानना है कि इस संघर्ष में एक व्यक्ति की मौके पर ही घातक चोटों के कारण मौत हो गई, जबकि दूसरे की बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद सिंगनपुर थाना पुलिस, डी-स्टाफ, अपराध शाखा और स्थानीय अपराध शाखा के दल तुरंत मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
कुमार ने बताया कि कुछ ही घंटों के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और अन्य फरार आरोपियों की तलाश के प्रयास जारी हैं।
उन्होंने मृतक की पहचान उजागर किए बिना बताया कि पीड़ितों में से एक का आपराधिक इतिहास रहा था।
अधिकारी ने कहा कि उसे जिला बदर करने का एक प्रस्ताव पहले से ही विचाराधीन था और इससे पहले भी उसके खिलाफ मारपीट से जुड़े मामले दर्ज थे।
भाषा सुमित नरेश
नरेश

Facebook


