अवैध हथियार गतिविधियों में शामिल बंबीहा गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार : पंजाब पुलिस
अवैध हथियार गतिविधियों में शामिल बंबीहा गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार : पंजाब पुलिस
चंडीगढ़, 12 अक्टूबर (भाषा) अवैध हथियार गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उनके कब्जे से छह पिस्तौल बरामद की गई हैं। पंजाब पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि संदीप सिंह और शेखर बंबीहा गिरोह के सहयोगी हैं।
यादव ने बताया कि संदीप राजस्थान के हनुमानगढ़ का रहने वाला है और शेखर हरियाणा के कैथल का रहने वाला है।
गैंगस्टर रोधी कार्य बल (एजीटीएफ) और बरनाला पुलिस के एक संयुक्त अभियान में दोनों को पकड़ा गया।
यादव ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से कुल छह पिस्तौल (एक पीएक्स5, .32 बोर की चार पिस्तौल, और 0.30 बोर की एक पिस्तौल) और 19 कारतूस बरामद किए गए हैं।’’
यादव ने बताया कि पुलिस टीम ने एक कार भी जब्त की है, जिसका उपयोग आरोपी हथियारों की आपूर्ति करने के लिए कर रहे थे।
डीजीपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला कि आरोपी विदेशी आकाओं के निर्देश पर बंबीहा गिरोह के गुर्गों को इन हथियारों की आपूर्ति करने की योजना बना रहे थे, ताकि वे राज्य में सनसनीखेज अपराधों को अंजाम दे सकें।
उन्होंने बताया कि हथियारों की आपूर्ति श्रृंखला की पहचान करने और उसे समाप्त करने के लिए मामले की जांच जारी है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, एजीटीएफ, प्रमोद बान ने बताया कि पुलिस टीम को बंबीहा गिरोह के संचालकों द्वारा राज्य में सनसनीखेज अपराध करने की साजिश रचने के बारे में विशेष जानकारी मिली थी।
उन्होंने बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए एजीटीएफ पंजाब की टीम ने बरनाला-बठिंडा मुख्य मार्ग से गांव धौला में दोनों संदिग्धों को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास है और उनके खिलाफ शस्त्र अधिनियम से संबंधित मामला दर्ज है।
बरनाला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहम्मद सरफराज आलम ने बताया कि इस संबंध में बरनाला के रुरेके कलां पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में इस सिलसिले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है। इसके साथ ही और हथियारों की बरामदगी हो सकती है।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप

Facebook


