तमिलनाडु के तिरुनेलवेली में दो लोगों की बेरहमी से हत्या की गई, पांच लोग घायल हुए
तमिलनाडु के तिरुनेलवेली में दो लोगों की बेरहमी से हत्या की गई, पांच लोग घायल हुए
तिरुनेलवेली (तमिलनाडु), तीन मार्च (भाषा) नांगुनेरी में नौ सदस्यीय गिरोह ने कथित तौर पर ओडिशा के एक प्रवासी मजदूर सहित दो लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी और पांच अन्य को घायल कर दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
मृतकों की पहचान पेरुम्पाथु गांव के निवासी 47 वर्षीय जॉन मार्क और ओडिशा के मूल निवासी 57 वर्षीय श्रीनाथ गड्डा के रूप में हुई है।
जिला सरकारी अस्पताल में इलाज करा रहे घायलों में ए नेल्सन, पी प्रभाकरन, वी रामास्वामी, ए गणेशन और एस शशिकुमार शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित सोमवार रात एक चाय की दुकान पर थे, तभी तीन मोटरसाइकिलों पर सवार नौ सदस्यीय गिरोह ने कथित तौर पर उन पर हंसिया और अन्य हथियारों से हमला किया, जिससे जॉन मार्क और गड्डा की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि अपराधियों को पकड़ने और हमले के कारण का पता लगाने के लिए विशेष टीम गठित की गई हैं।
मंगलवार को स्थानीय लोगों ने अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए क्षेत्र में सड़क जाम कर दिया।
जिला पुलिस अधीक्षक प्रसन्न कुमार सहित शीर्ष पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की और उन्हें शांत कराया।
आम जनता ने चेतावनी दी है कि पुलिस इसमें शामिल लोगों को गिरफ्तार करे अन्यथा वे आगामी चुनाव का बहिष्कार करेंगे। एक निवासी ने कहा, ‘हमें इस घटना के कारण नहीं पता… हम पुलिस से आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग करते हैं अन्यथा हम चुनाव का बहिष्कार करेंगे।’
इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।
इस बीच विपक्षी ऑल इंडिया अन्नाद्रमुक मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) ने इस घटना को लेकर सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सरकार की कड़ी आलोचना की और कहा कि यह एक ‘गंभीर अपराध’ है, जिसे स्वीकार नहीं किया जा सकता है।
अन्नाद्रमुक ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘दो लोगों की दुखद मौत हो गई और पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है।’
अन्नाद्रमुक ने कहा, ‘यह घटना द्रमुक सरकार के लापरवाह रवैये का परिणाम है।’
अभिनेता-नेता विजय के नेतृत्व वाली टीवीके पार्टी ने इस घटना पर हैरानी जताई और सत्तारूढ़ द्रमुक सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘एक ऐसे प्रशासन में जो दुनिया से प्रतिस्पर्धा करने का दावा करता है, आम जनता के जीवन की सुरक्षा की गारंटी कहां है?’
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप

Facebook


