जंगली हाथी ने लालकुआं क्षेत्र में दो लोगों को कुचलकर मार डाला

जंगली हाथी ने लालकुआं क्षेत्र में दो लोगों को कुचलकर मार डाला

जंगली हाथी ने लालकुआं क्षेत्र में दो लोगों को कुचलकर मार डाला
Modified Date: April 29, 2026 / 06:35 pm IST
Published Date: April 29, 2026 6:35 pm IST

हल्द्वानी, 29 अप्रैल (भाषा) उत्तराखंड में मानव वन्यजीव संघर्ष की एक और घटना में नैनीताल जिले के लालकुआं क्षेत्र में जंगली हाथी ने दो व्यक्तियों को कुचल दिया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी ।

अधिकारियों के मुताबिक, तराई केंद्रीय वन प्रभाग की टांडा रेंज के तहत शाह पठानी इलाके में मंगलवार देर रात यह घटना हुई। उन्होंने बताया कि जंगली हाथी द्वारा कुचले जाने से दोनों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गयी ।

घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

मृतकों में से एक की पहचान झारखंड के रहने वाले बांधो प्रजापति (75) के रूप में हुई है जो लोगों के खेतों में चौकीदारी करता था। दूसरे मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है, हालांकि उसके मानसिक रूप से अस्थिर होने की बात कही जा रही है।

तराई केन्द्रीय वन प्रभाग के प्रभागीय वन अधिकारी उमेश चन्द्र तिवारी सहित वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर घटना की जांच शुरू कर दी है ।

लालकुआं की उप जिलाधिकारी रेखा कोहली ने बताया कि मृतकों के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया आरंभ कर दी गयी है ।

उन्होंने कहा कि घटनास्थल के आसपास के गांवों और जंगल से सटे क्षेत्रों में वन विभाग की टीमों को गश्त बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

भाषा सं दीप्ति रवि कांत रंजन

रंजन


लेखक के बारे में