पंजाब के दुकानदार की हत्या में शामिल दो शूटर जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार

पंजाब के दुकानदार की हत्या में शामिल दो शूटर जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार

पंजाब के दुकानदार की हत्या में शामिल दो शूटर जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार
Modified Date: June 7, 2026 / 09:24 pm IST
Published Date: June 7, 2026 9:24 pm IST

चंडीगढ़, सात जून (भाषा) पंजाब के फिरोजपुर जिले में एक दुकानदार की हत्या के मामले में कथित रूप से शामिल दो शूटरों को जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किया गया है। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने रविवार को यह जानकारी दी।

डीजीपी ने बताया कि पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

जिले के मक्खू कस्बे में स्थित गाबा जनरल स्टोर के मालिक गुरचरण सिंह गाबा की एक जून को दो अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

पुलिस के अनुसार, हमलावर मोटरसाइकिल से बाजार पहुंचे थे और उन्होंने गुरचरण सिंह पर गोलीबारी की। गंभीर रूप से घायल गुरचरण ने बाद में दम तोड़ दिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान के भरतपुर निवासी विष्णु कुमार और कोटा निवासी राहुल महावर के रूप में हुई है।

पुलिस की टीमों ने आरोपियों के कब्जे से प्वॉइंट 30 बोर की एक बेरेटा पिस्तौल और 10 कारतूस भी बरामद किए हैं।

डीजीपी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी विष्णु का आपराधिक इतिहास रहा है और वह रंगदारी, लूट, डकैती, चोरी और शस्त्र अधिनियम के उल्लंघन जैसे मामलों में शामिल रहा है। राजस्थान पुलिस ने विष्णु पर 10,000 रुपये का इनाम भी घोषित किया था।

उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।

एजीटीएफ के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रमोद बान ने बताया कि घटना के बाद एजीटीएफ पंजाब ने पुलिस उपाधीक्षक राजन परमिंदर सिंह की निगरानी में ‘हिल ट्रैप’ नामक विशेष अभियान शुरू किया और राजस्थान में व्यापक छापेमारी की गई।

उन्होंने कहा कि इन छापों के दौरान प्राप्त खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपियों के जम्मू-कश्मीर में छिपे होने का पता चला। इसके बाद एजीटीएफ पंजाब, फिरोजपुर पुलिस और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त अभियान शुरू किया।

बान ने बताया कि आरोपियों को जम्मू-कश्मीर में थाना कूड क्षेत्र के निकट पटनीटॉप-कूड मार्ग पर स्थापित एक जांच चौकी पर रोका गया। पुलिस के सामने आने पर आरोपियों ने गिरफ्तारी से कथित रूप से बचने का प्रयास किया।

पुलिस की टीमों ने हालांकि दोनों आरोपियों को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से पिस्तौल बरामद की।

फिरोजपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भूपिंदर सिंह सिद्धू ने कहा कि पुलिस टीमें अब इस घटना के पीछे की बड़ी साजिश का पर्दाफाश करने पर ध्यान केंद्रित कर रही हैं। इसके तहत हमले की योजना बनाने, वित्तीय सहायता देने या किसी भी प्रकार से सहयोग करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है।

भाषा रवि कांत सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में