जयपुर में चोरी की दो लग्जरी कार बरामद, एक जिम ट्रेनर गिरफ्तार

जयपुर में चोरी की दो लग्जरी कार बरामद, एक जिम ट्रेनर गिरफ्तार

जयपुर में चोरी की दो लग्जरी कार बरामद,  एक जिम ट्रेनर गिरफ्तार
Modified Date: April 12, 2026 / 06:44 pm IST
Published Date: April 12, 2026 6:44 pm IST

नयी दिल्ली, 12 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में चोरी किए गए लग्जरी वाहनों को बेचने के आरोप में जयपुर से एक जिम ट्रेनर को गिरफ्तार किया गया और उसके पास से चोरी किए गए दो नये वाहन भी बरामद हुए। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

दिल्ली की पंजीकृत दो कार के राष्ट्रीय राजधानी से चोरी होने के बारे में मिली सूचना के बाद मोहम्मद अशरफ खान को जयपुर के झोटवारा इलाके से हिरासत में लिया गया।

उसके पास से अस्थायी पंजीकरण नंबर वाली एक हुंडई क्रेटा और एक महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन बरामद की गई तथा दोनों वाहन इसी साल दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके से चोरी हुए थे।

पुलिस के अनुसार, छह अप्रैल को एक टीम को चोरी के एक वाहन को जयपुर में देखे जाने की सूचना मिली थी।

दिल्ली पुलिस की एक टीम ने अगले ही दिन स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय करते हुए इलाके में छापा मारा और खान को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘पूछताछ के दौरान, आरोपी ने खुलासा किया कि उसने चोरी के वाहन जयपुर निवासी शकील नामक व्यक्ति से प्राप्त किए थे।’’

पुलिस ने बताया कि खान ने स्नातक किया है और वह जिम ट्रेनर के रूप में काम करता है।

पुलिस ने बताया कि खान ग्राहकों को कम कीमत पर लग्जरी कारें देने का लालच देता था।

भाषा यासिर सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में