केरल में इस बार यूडीएफ की सरकार बनने की पूरी उम्मीद : अशोक गहलोत
केरल में इस बार यूडीएफ की सरकार बनने की पूरी उम्मीद : अशोक गहलोत
जयपुर, 30 मार्च (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने सोमवार को उम्मीद जताई कि केरल के आगामी विधानसभा चुनाव में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की सरकार बनेगी।
केरल रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत में गहलोत ने कहा कि पिछले 70 वर्षों से राज्य में बारी-बारी से एलडीएफ (वाम लोकतांत्रिक मोर्चा) और यूडीएफ की सरकार बनती रही है।
उन्होंने कहा कि पिछली बार ऐसा माहौल बनाया गया कि मानो कोविड-19 महामारी के दौरान काम केवल एलडीएफ सरकार ने ही किया हो, जबकि राजस्थान में कांग्रेस पार्टी की सरकार का काम बेहतर था, इसके बावजूद कांग्रेस की सरकार नहीं बन सकी।
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव में हार-जीत होती रहती है, लेकिन इस बार यूडीएफ की जीत की पूरी उम्मीद है।
गौरतलब है कि केरल विधानसभा चुनाव के लिए नौ अप्रैल को मतदान होना है।
केरल के मुख्यमंत्री द्वारा कांग्रेस पर ‘नरम हिंदुत्व’ का आरोप लगाए जाने पर गहलोत ने कहा कि ऐसे बयान आते रहते हैं और वाम दलों की यह राजनीतिक शैली है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के अपनी जान को खतरा होने संबंधी बयान पर गहलोत ने चिंता जताते हुए कहा कि देश में मौजूदा माहौल चिंताजनक है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग हो रहा है और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव की स्थिति बन रही है।
गहलोत ने कहा कि देश में लोकतंत्र की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं और इस पर विचार करने की आवश्यकता है।
भाषा
पृथ्वी रवि कांत

Facebook


