दिल्ली में पाकिस्तान उच्चायोग के बाहर स्थित अनधिकृत ढांचे ढहाए गए

Ads

दिल्ली में पाकिस्तान उच्चायोग के बाहर स्थित अनधिकृत ढांचे ढहाए गए

  •  
  • Publish Date - August 20, 2026 / 10:15 AM IST,
    Updated On - August 20, 2026 / 10:15 AM IST

नयी दिल्ली, 20 अगस्त (भाषा) राजधानी दिल्ली स्थित पाकिस्तान उच्चायोग के बाहर बने कुछ ढांचों को परिसर की निर्धारित सीमा से बाहर पाए जाने के बाद उन्हें ढहा दिया गया है। आधिकारिक सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि संबंधित एजेंसियों ने जेसीबी मशीन की मदद से यह कार्रवाई की और परिसर के बाहर गली में बने ढांचों तथा अवरोधकों को हटा दिया। इनमें वीजा अनुभाग के पास कतार व्यवस्थित करने के लिए लगाए गए अवरोधक भी शामिल हैं।

घटनास्थल के दृश्यों में उच्चायोग के बाहर मलबा बिखरा दिखाई दे रहा है तथा धातु की टूटी हुई रेलिंग और द्वार, धातु के मुड़े हुए फ्रेम, ईंटें और कंक्रीट एवं दीवार की ऊपरी परत के टुकड़े पड़े नजर आ रहे हैं।

दृश्यों में बाहरी ढांचों के कुछ हिस्से पूरी तरह ढहे हुए दिखाई दे रहे हैं। सेवा खिड़कियों के आसपास का बाहरी हिस्सा क्षतिग्रस्त प्रतीत हो रहा है और वहां प्लास्टर एवं चिनाई के कुछ हिस्से टूटे हुए थे।

मलबे के बीच वीजा अनुभाग दिखाई दे रहा है जहां सेवा खिड़कियों पर ‘विंडो 1’ (खिड़की संख्या एक), ‘पाकिस्तानी पासपोर्ट ओनली’ (केवल पाकिस्तानी पासपोर्ट) और ‘विंडो-5/कलेक्शन ऑफ वीजा एप्लीकेशंस’ (खिड़की संख्या पांच/वीजा आवेदनों का संग्रह) लिखा है।

कई काउंटर के आसपास टूटी हुई बाड़ और निर्माण सामग्री भी पड़ी नजर आ रही है

पाकिस्तान उच्चायोग का मुख्य प्रवेश द्वार सुरक्षित है। इसकी सफेद दीवारें, गुंबदनुमा ढांचे और पाकिस्तान के प्रतीक चिह्न वाले धातु के बड़े द्वार बरकरार हैं। परिसर की चारदीवारी के कुछ हिस्सों पर कंटीले तारों की बाड़ भी नजर आ रही है।

यह घटनाक्रम पाकिस्तान द्वारा इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग के बाहर लगाए गए सुरक्षा अवरोधकों और पार्किंग के खंभों को हटाए जाने के कुछ दिन बाद हुआ है।

भाषा

सिम्मी रंजन

रंजन