केंद्रीय बजट 2026-27 ओडिशा के विकास के लिए नए द्वार खोलेगा : प्रधान
केंद्रीय बजट 2026-27 ओडिशा के विकास के लिए नए द्वार खोलेगा : प्रधान
भुवनेश्वर, सात फरवरी (भाषा) केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 ‘विकसित भारत’ के निर्माण के लिए नींव को मजबूत करने में मदद करेगा और ओडिशा के विकास के लिए नए द्वार भी खोलेगा।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ‘पूर्वोदय’ योजनाओं का उद्देश्य नए युग की अर्थव्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए ओडिशा को देश के विकास के एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है।
प्रधान ने कहा, ‘बायो-फार्मा, बिजली, इंडिया सेमीकंडक्टर 2.0, शिक्षा से रोजगार, पांचवें राष्ट्रीय जलमार्ग का विकास, पूर्वी तट विकास गलियारा और कई अन्य पहलों के माध्यम से ओडिशा को व्यापक रूप से लाभ होगा।’
प्रधान ने बताया कि रेलवे बजट में ओडिशा के लिए रिकॉर्ड 10,928 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जो 2009-14 के औसत अनुदान से लगभग 13 गुना अधिक है।
उन्होंने कहा कि तालचर-अंगुल से पारादीप-धामरा तक राष्ट्रीय जलमार्ग संख्या पांच का विकास और एक नए ‘दुर्लभ खनिज समृद्ध गलियारे’ की स्थापना ओडिशा के औद्योगिक और खनिज अवसंरचना को एक नए स्तर पर ले जाएगी।
भाषा तान्या प्रशांत
प्रशांत

Facebook


