केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने सिक्किम में सड़क परियोजनाओं की समीक्षा की
केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने सिक्किम में सड़क परियोजनाओं की समीक्षा की
गंगटोक, छह जून (भाषा) केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने सिक्किम में विभिन्न सड़क एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को जारी परियोजनाओं के कार्य में तेजी लाने तथा प्रस्तावित परियोजनाओं को शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, टम्टा ने राष्ट्रीय राजमार्ग-10 (एनएच-10) और राष्ट्रीय राजमार्ग-510 (एनएच-510) का दौरा किया तथा ग्यालशिंग जिले में विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आयुष अस्पताल और कृषि विज्ञान केंद्र जैसी परियोजनाओं की समीक्षा की तथा विभिन्न केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन का भी जायजा लिया।
मंत्री ने राज्य के लिए प्रस्तावित कई प्रमुख राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। इनमें 595 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली 15.30 किलोमीटर लंबी रेनॉक-रोंगली सड़क परियोजना शामिल है, जिसे सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है। इसके अलावा, एनएच-10 के 25.75 किलोमीटर लंबे हिस्से के उन्नयन की परियोजना भी समीक्षा के दायरे में रही, जिस पर 1,018 करोड़ रुपये निवेश किए जाने का अनुमान है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि रंगपो-रोराथांग और मेली-सिंगतम के बीच प्रस्तावित बाईपास तथा मार्ग पुनर्संरेखन (री-अलाइनमेंट) परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। इन परियोजनाओं का उद्देश्य यातायात का दबाव कम करना और प्रमुख संपर्क मार्गों पर आवागमन को बेहतर बनाना है।
टम्टा ने गंगटोक बाईपास परियोजना की प्रगति का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को इसे नवंबर 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए।
विज्ञप्ति के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) ने लगभग 1,323 करोड़ रुपये की लागत से 58 किलोमीटर लंबाई की छह परियोजनाएं पूरी कर ली हैं, जबकि 3,749 करोड़ रुपये की लागत वाली 147 किलोमीटर लंबाई की सात अन्य परियोजनाओं पर कार्य जारी है।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सड़क एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्रभाग ने 1,202 करोड़ रुपये की लागत वाली 117 किलोमीटर सड़क परियोजनाएं पूरी कर ली हैं। इसके अलावा 50 किलोमीटर लंबाई की सड़क परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं और 58 किलोमीटर लंबाई की नई परियोजनाएं प्रस्तावित हैं।
विज्ञप्ति में यह भी कहा गया है कि सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने भारत-चीन सीमा तक जाने वाले सामरिक महत्व के राष्ट्रीय राजमार्ग-310 पर 59 किलोमीटर लंबे गंगटोक-शेराथांग-नाथू ला मार्ग का निर्माण किया है।
टम्टा ने बीआरओ अधिकारियों को पर्यटक वाहनों के लिए अतिरिक्त ले-बाय (वाहन ठहराव स्थल) विकसित करने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में रोकथाम संबंधी उपायों को और मजबूत करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने सिक्किम के सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ बनाने के लिए केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि बेहतर संपर्क व्यवस्था से आर्थिक विकास, पर्यटन, व्यापार तथा दूरदराज के क्षेत्रों तक पहुंच को बढ़ावा मिलेगा।
भाषा रवि कांत सिम्मी
सिम्मी

Facebook


