कल्याण बनर्जी की चुनौती के बाद केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार की श्रीरामपुर में मोटरसाइकिल रैली

कल्याण बनर्जी की चुनौती के बाद केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार की श्रीरामपुर में मोटरसाइकिल रैली

कल्याण बनर्जी की चुनौती के बाद केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार की श्रीरामपुर में मोटरसाइकिल रैली
Modified Date: October 18, 2025 / 04:08 pm IST
Published Date: October 18, 2025 4:08 pm IST

कोलकाता, 18 अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के श्रीरामपुर में एक मोटरसाइकिल रैली का नेतृत्व किया। इससे एक दिन पहले तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी ने मजूमदार को अपने संसदीय क्षेत्र का दौरा करने की “चुनौती” दी थी।

राज्य में मतदाता सूची के प्रस्तावित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर शुक्रवार को बनर्जी और मजूमदार के बीच वाकयुद्ध हुआ।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रह चुके मजूमदार ने चेतावनी दी कि एसआईआर कवायद के दौरान अगर कोई विरोध-प्रदर्शन हुआ, तो केंद्रीय बलों को तैनात किया जा सकता है और यहां तक ​​कि गोलीबारी भी हो सकती है।

इस टिप्पणी पर बनर्जी ने तीखी प्रतिक्रिया दी और मजूमदार पर राज्य के मतदाताओं को धमकाने का आरोप लगाया।

बनर्जी ने कहा, “जो लड़का मंत्री बन गया है, कृपया उसे बताइए कि सीआईएसएफ की गोलियां उन्हें भी लगेंगी। अगर हिम्मत है तो श्रीरामपुर आइए। देखते हैं आप घर कैसे जाते हैं।”

शिक्षा राज्य मंत्री मजूमदार ने इस चुनौती को स्वीकार करते हुए श्रीरामपुर में खुद मोटरसाइकिल चलाकर रैली का नेतृत्व किया। इस दौरान, बड़ी संख्या में दोपहिया वाहनों पर सवार भाजपा कार्यकर्ता उनके पीछे चलते नजर आए।

मजूमदार ने श्रीरामपुर के बैद्यबाटी कस्बे में रैली का नेतृत्व करते हुए कहा, “मैं बनर्जी से कहना चाहता हूं कि उन्हें लोकतांत्रिक तरीके से लड़ना चाहिए। मैं दावा करता हूं कि अगले चुनावों में उन्हें और उनकी पार्टी को हार का सामना करना पड़ेगा।”

भाषा पारुल दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में