पाकिस्तान की किसी भी ‘दुस्साहसिक’ हरकत पर अभूतपूर्व कार्रवाई की जाएगी: राजनाथ
पाकिस्तान की किसी भी 'दुस्साहसिक' हरकत पर अभूतपूर्व कार्रवाई की जाएगी: राजनाथ
(फोटो सहित)
तिरुवनंतपुरम, दो अप्रैल (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि मौजूदा हालात में पाकिस्तान की ओर से किसी भी तरह की ‘‘दुस्साहसिक हरकत’’ का जवाब ‘‘अभूतपूर्व और निर्णायक’’ कार्रवाई से दिया जाएगा।
चुनावी राज्य केरल में सैनिक सम्मान सम्मेलन में सिंह ने कहा कि अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद, भारत ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों और बुनियादी ढांचे को नष्ट कर दिया था।
उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले के बाद, भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पाकिस्तान को 22 मिनट के भीतर घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया और यह आतंकवाद के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा अभियान था।
सिंह ने कहा, ‘‘मैं आपको बताना चाहता हूं कि अभियान अभी खत्म नहीं हुआ है। अगर पाकिस्तान ने दोबारा ऐसी घिनौनी हरकतें कीं, तो हमारी सेना उन्हें ऐसा मुंहतोड़ जवाब देगी, जिसे वे कभी नहीं भूलेंगे। इस बार जो होगा वह अभूतपूर्व होगा।’’
सिंह ने कहा कि मौजूदा हालात में ‘‘हमारा पड़ोसी (पाकिस्तान) कोई भी दुस्साहस कर सकता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अगर वह ऐसा करता है, तो जैसा मैंने आपको बताया, भारत की कार्रवाई अभूतपूर्व और निर्णायक होगी।’’
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय सुरक्षा मजबूत हुई है और सरकार के रवैये और कार्यप्रणाली में बदलाव आया है।
उन्होंने कहा कि यह बात ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से स्पष्ट है। अप्रैल 2025 में हुए पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत ने यह अभियान चलाया था।
सिंह ने कहा कि केंद्र में कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकारों के दौरान देश में आतंकी हमले बड़े पैमाने पर होते रहे, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि हालांकि, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने आतंकी हमलों पर काबू पाया है और आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की है।
उन्होंने कहा, ‘‘उरी आतंकी हमले के बाद की गई सर्जिकल स्ट्राइक हो, पुलवामा में भारतीय सुरक्षाकर्मियों के वाहनों पर हुए बम हमले के जवाब में की गई एयर स्ट्राइक हो या पहलगाम घटना के प्रतिशोध में चलाया गया ऑपरेशन सिंदूर हो, हमने आतंकवाद पर करारा प्रहार किया है।’’
भाषा आशीष नरेश
नरेश

Facebook


