एटा, चार फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के एटा जिले में बृहस्पतिवार सुबह तेज रफ्तार एक डंपर ने एक ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह हादसा सकरौली क्षेत्र के जलेसर–इसौली मार्ग पर मुड़सवा गांव के पास हुआ।
पुलिस के मुताबिक, सकरौली थाना क्षेत्र के जरानीखुर्द गांव का रहने वाला 22 वर्षीय हेमंत कुमार शर्मा ऑटो से सब्जी लेकर अपने गांव लौट रहा था कि तभी इसौली की ओर से आ रहे गिट्टी-बालू से लदे तेज रफ्तार डंपर ने उसे टक्कर मार दी।
पुलिस ने बताया कि ऑटो में 50 वर्षीय धनीराम नाम का व्यक्ति भी सवार था।
पुलिस के मुताबिक, हादसे में हेमंत कुमार की मौके पर ही मौत हो गई जबकि धनीराम गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के बाद फरार डंपर चालक को जलेसर बाईपास स्थित तोप चौराहे से हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस ने डंपर को भी कब्जे में ले लिया।
थाना प्रभारी सीमा त्रिपाठी ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर डंपर चालक भूपेंद्र सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
भाषा सं. सलीम जितेंद्र
जितेंद्र