उप्र: बदायूं में अगवा किये गये एक साल के बच्चे को ढूंढ निकाला गया, पांच लोग गिरफ्तार
उप्र: बदायूं में अगवा किये गये एक साल के बच्चे को ढूंढ निकाला गया, पांच लोग गिरफ्तार
बदायूं, 19 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में पुलिस ने एक मैरिज हॉल से अगवा किये गये एक साल के बच्चे को 48 घंटों के भीतर सकुशल ढूंढ निकाला और इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार लोगों में एक पेशेवर नर्स भी शामिल है, जिसने बच्चे को कथित तौर पर बेचने के लिए अपहरण की पूरी साजिश रची थी।
पुलिस के मुताबिक, अगवा किये गये बच्चे की पहचान सौरभ के रूप में हुई है और उसे 15 अप्रैल की रात को इस्लाम नगर थाना क्षेत्र में एक विवाह समारोह के दौरान अगवा किया गया था।
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता लगा कि एक महिला बच्चे को ले जा रही है।
पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल की गयी कार के चालक मुनेश को शक के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद मुख्य आरोपी और एक निजी अस्पताल में नर्स के तौर पर काम करने वाली खुशबू नाम की महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।
बदायूं की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अंकिता शर्मा ने बताया, “खुशबू ने अपने पेशे का फायदा उठाते हुए बच्चे के लिए जाली दस्तावेज बनवाने का वादा किया था। जब महिलाएं शादी की रस्मों में व्यस्त थीं, तब उसने बच्चे का अपहरण कर लिया और उसे आगरा ले गई।”
उन्होंने बताया कि जांच में पता चला कि बच्चे को आगरा में एक निःसंतान दंपति को 70,000 रुपये में बेचा जा रहा था, जिसके लिए 20 हजार रुपये का अग्रिम भुगतान पहले ही किया जा चुका था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस ने आगरा में छापा मारा और खरीदारों के कब्जे से बच्चे को बरामद कर लिया।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान खुशबू, मुनेश, दिनेश, बबली और पूजा के रूप में हुई है।
शर्मा ने बताया कि बच्चे को उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया है।
इस संबंध में इस्लाम नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
भाषा सं. सलीम जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


